|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

गुरुग्राम में घनघोर अंधेरा: 7 घंटे में 5500 शिकायतें, हड़ताल से जनजीवन बेहाल

साइबर सिटी गुरुग्राम में बिजली संकट ने विकराल रूप ले लिया है। शहर के दर्जनों इलाके बीती रात 12 बजे से लगातार ब्लैकआउट की चपेट में हैं। गुरुवार रात 10 से 12 बजे के बीच महज दो घंटे की अस्थायी राहत मिलने

NRI Post Hindi Desk · 32 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
गुरुग्राम में घनघोर अंधेरा: 7 घंटे में 5500 शिकायतें, हड़ताल से जनजीवन बेहाल
📷 NRI Post Hindi Desk

साइबर सिटी गुरुग्राम में बिजली संकट ने विकराल रूप ले लिया है। शहर के दर्जनों इलाके बीती रात 12 बजे से लगातार ब्लैकआउट की चपेट में हैं। गुरुवार रात 10 से 12 बजे के बीच महज दो घंटे की अस्थायी राहत मिलने के बाद दोबारा बत्ती गुल हो गई, जिसके चलते शहर के ज्यादातर हिस्से अंधेरे के आगोश में समा गए। सब-डिवीजन सेक्टर-2 ब्लॉक-बी, अशोक विहार फेज-2 व 3, सेक्टर-5, दयानंद कॉलोनी, सेक्टर-4, भीमगढ़ खेड़ी, पालम विहार सब-डिवीजन, सेक्टर-23, राजेंद्र पार्क, रतन विहार, विष्णु गार्डन और सेक्टर-105 जैसे घनी आबादी वाले इलाकों से बिजली कटौती की सबसे अधिक शिकायतें सामने आ रही हैं। भीषण कटौती के चलते लोगों की रात परेशानी में गुजरी और सुबह होते-होते पानी की किल्लत से हाहाकार मच गया। शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में भी हालात बद से बदतर बने हुए हैं। सोहना और फरुखनगर तहसील के दर्जनों गांवों और कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने से आम जनजीवन बुरी तरह पटरी से उतर चुका है। संकट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के टोल-फ्री नंबर पर 5,500 से अधिक शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। लगातार बजती फोन की घंटियों और शिकायतों के भारी अंबार के आगे हेल्पलाइन सिस्टम भी हांफता नजर आ रहा है। इस आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन के तमाम एहतियाती कदम पूरी तरह बेअसर साबित हो रहे हैं। ऐसे में सिस्टम की कार्यशैली पर एक बहुत बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि जब कर्मचारियों की हड़ताल की पूर्व सूचना प्रशासन और बिजली निगम के पास पहले से मौजूद थी, तो समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई? पूर्व चेतावनी के बावजूद बैकअप प्लान तैयार न करना प्रशासनिक विफलता को उजागर करता है, जिसका खामियाजा आज लाखों बेकसूर नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। इस बीच, गुरुग्राम के जिलाधिकारी ने बिजली संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं और जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिजली सप्लाई से जुड़ी किसी भी समस्या, तकनीकी खराबी या पावर कट की जानकारी हेल्पलाइन नंबर पर दें। इलेक्ट्रिसिटी हेल्पलाइन 1912 या 1800-180-4334 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 8813999708 और 9540954768 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!