ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों का लंबा इंतजार खत्म हो गया है। करीब 700 मीटर लंबे गौड़ चौक (किसान चौक) अंडरपास को पांच नवंबर से तीन दिन के ट्रायल के तौर पर खोल दिया गया है। इस अंडरपास का निर्माण कार्य 4 फरवरी 2025 से शुरू किया गया था और समयावृद्धि के बाद इसे 4 दिसंबर 2026 को पूरा करना था, लेकिन 4 नवंबर 2026 को ही काम पूरा कर लिया गया। ट्रायल के दौरान सुरक्षा, साइनेज, लाइटिंग, जल निकासी और ट्रैफिक प्रबंधन की पूरी जांच ट्रैफिक पुलिस और प्राधिकरण की टीम की मौजूदगी में की जा रही है। ट्रायल में जो भी कमी सामने आएगी, उसे ठीक करने के बाद अंडरपास को जनता के लिए स्थायी रूप से खोला जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि 12 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों इसे आम जनता को समर्पित किया जा सकता है। वाहन चालकों से ट्रायल के दौरान सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है। गौड़ चौक से होकर रोज करीब पांच से छह लाख वाहन गुजरते हैं, जिसकी वजह से यहां लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी। चार मूर्ति गोलचक्कर, किसान चौक, एक मूर्ति गोलचक्कर और नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव इस चौक पर रहता था और सुबह-शाम पीक आवर में लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता था। अंडरपास शुरू होने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच ग्रेटर नोएडा ईस्ट, गाजियाबाद, विजयनगर, नोएडा व दिल्ली की तरफ सीधी आवाजाही आसान हो जाएगी। अगर तीन दिवसीय ट्रायल सफल रहा तो रोज की जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। अंडरपास के अंदर की दीवारों पर रंग-बिरंगी पेंटिंग बनाई गई हैं, जिनमें भगवान बुद्ध के साथ ही प्राकृतिक दृश्यों को भी उकेरा गया है। यह अंडरपास सिर्फ यातायात का साधन नहीं, बल्कि शहर की पहचान भी बनेगा। गौड़ चौक अंडरपास के निर्माण पर प्राधिकरण ने करीब 87 करोड़ रुपये खर्च किया है। आधिकारियों के अनुसार इस परियोजना की स्वीकृत विचलन सहित कुल लागत 83 करोड़ 60 लाख 29 हजार 593 रुपये है, जबकि संभावित विचलन के बाद कुल लागत 87 करोड़ 5 लाख 31 हजार 972 रुपये तक पहुंच गई है, और ये सभी राशियां जीएसटी और लेबर सेस के बिना हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने कहा कि अंडरपास का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और फिनिशिंग का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। अंडरपास के शुरू होने से गौड़ सिटी और आसपास की सोसायटियों के लाखों लोगों को रोज लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इस परियोजना को 60 मीटर रोड पर इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन मोड में बनाया गया है और पांच साल की डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड के साथ रखरखाव की जिम्मेदारी भी शामिल है। अंडरपास खुलने से गौड़ चौक पर रोज लगने वाला 30 से 45 मिनट का जाम खत्म होगा, नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और चार मूर्ति की ओर जाने वाले वाहन बिना रुके निकल सकेंगे, समय और ईंधन की बचत होगी, एंबुलेंस और स्कूल बसों को राहत मिलेगी, प्रदूषण में कमी आएगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और गौड़ चौक पर होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
गौड़ चौक अंडरपास का इंतजार खत्म, आज से शुरू हुआ तीन दिवसीय ट्रायल, 12 नवंबर को हो सकता है उद्घाटन
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों का लंबा इंतजार खत्म हो गया है। करीब 700 मीटर लंबे गौड़ चौक (किसान चौक) अंडरपास को पांच नवंबर से तीन दिन के ट्रायल के तौर पर खोल दिया गया है। इस अंडरपास का निर्माण कार
NRI Post Hindi Desk · 20 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




