मेरठ में विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए शनिवार को पूरे जनपद में विशेष शिविर आयोजित किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के आदेश से चलाए जा रहे विशेष सूक्ष्म पुनरीक्षण अभियान के तहत सभी बूथों पर बीएलओ को दिनभर बूथ पर बैठने का आदेश दिया गया था। इस शिविर में बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंचे जिनके नाम एसआइआर के दौरान मतदाता सूची से काट दिए गए थे अथवा नोटिस और सुनवाई के बाद भी उनके नाम सूची में शामिल नहीं किए गए थे। इन लोगों ने बूथों पर पहुंचकर फार्म 06 जमा कराया। वहीं ऐसे युवाओं ने भी फार्म भरे जिनकी आयु हाल ही में 18 वर्ष पूरी हुई है। रूड़की रोड पर रौशनपुर डौरली गांव में कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ पर भी ऐसे कई लोग पहुंचे। महिला शुभ्रा ने बताया कि उनका नाम पुरानी मतदाता सूची में था, लेकिन घर का पता बदलने के कारण बीएलओ ने एसआइआर के दौरान उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया। इसके बाद उन्होंने आवेदन किया और सुनवाई भी कराई, लेकिन नाम नहीं जोड़ा गया। अब उन्होंने अपने नए पते से संबंधित बूथ पर पहुंचकर आवेदन किया। आकांक्षा हाइट के अक्षत चौधरी और महिला लता ने भी नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया। बीएलओ शोभा पाल ने बताया कि विशेष शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर आवेदन जमा कराए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डा. वी के सिंह ने एलेक्जेंडर पब्लिक स्कूल शास्त्रीनगर, सीता भारती हायर सेकेंडरी स्कूल और धनवन्तरि भवन जयदेवी नगर समेत कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया तथा मतदाताओं और बीएलओ से जानकारी ली। उन्होंने सभी से नाम शामिल कराने और त्रुटियों को ठीक कराने की अपील की। इस दौरान एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर उनके साथ रहे। विशेष शिविर में ऐसे लोगों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का मौका दिया जा रहा है जिनके नाम एसआइआर के दौरान मतदाता सूची से हट गए थे अथवा वर्ष 2003 की मतदाता सूची से संबंध स्थापित न कर पाने के कारण उनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए थे। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पहुंचे लोग परेशान दिखाई दिए और हर व्यक्ति की अपनी अलग पीड़ा थी। प्रशासन ने सभी पात्र लोगों से अपील की है कि वे विशेष शिविर का लाभ उठाकर अपने नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं और किसी भी तरह की त्रुटि को तुरंत ठीक कराएं, ताकि आगामी चुनावों में उन्हें मतदान करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
घर का पता बदला तो बीएलओ ने काट दिया नाम, अब मतदाता सूची में फिर से जुड़वाने के लिए भटक रहे लोग
मेरठ में विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए शनिवार को पूरे जनपद में विशेष शिविर आयोजित किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के आदेश से चलाए जा रहे विशेष सूक्ष्म पुनरीक्षण अभियान के त
NRI Post Hindi Desk · 31 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


