निर्वाचन आयोग ने उस समय बड़ा बयान दिया है जब इंडिया ब्लॉक के विपक्षी दलों ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी को लेकर दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं ने आकाशवाणी भवन के बाहर डटकर ज्ञानेश कुमार से मिलने की मांग की। इस पूरे घटनाक्रम के बीच निर्वाचन आयोग ने एक प्रेस रिलीज जारी करके दावा किया है कि उससे मिलने के लिए किसी भी राजनीतिक दल या प्रतिनिधिमंडल ने समय नहीं मांगा था। आयोग के अनुसार, कई राजनीतिक दलों के मार्च और मीडिया रिपोर्टों के जरिए उसे जानकारी मिली कि कुछ सांसद आयोग से मिलना चाहते हैं। हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया कि आज शाम चार बजे तक किसी भी दल या प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के लिए औपचारिक रूप से समय नहीं मांगा था। इसके बाद शाम करीब चार बजे दिल्ली पुलिस से जानकारी मिली कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों का एक समूह आयोग से मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहता है। निर्वाचन आयोग ने बताया कि वर्ष 2025 में राजनीतिक दलों के साथ बैठकों को लेकर एक तय प्रक्रिया बनाई गई थी, जिसकी जानकारी सभी दलों को पहले ही दी जा चुकी है। नियम के मुताबिक, जब भी कोई दल या संयुक्त प्रतिनिधिमंडल आयोग से मिलना चाहता है, तो उसे अपने अधिकृत प्रतिनिधि के जरिए पहले समय मांगना होता है और बैठक का उद्देश्य भी स्पष्ट करना होता है। आयोग ने इस पूरे प्रस्ताव को असामान्य बताया। आयोग के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के उपायुक्त के जरिए पता चला कि यह बैठक करीब 240 सांसदों के साथ संसद भवन के एनेक्सी भवन में प्रस्तावित थी, जबकि आयोग के तय प्रोटोकॉल के अनुसार ऐसी मुलाकातें हमेशा आयोग के अपने परिसर में ही होती हैं। आयोग ने यह भी कहा कि इस तरह का अनुरोध संसद भवन की ओर से आना चाहिए था। साथ ही आयोग ने बताया कि उसकी ओर से यह प्रस्ताव दिया गया था कि सांसदों का ज्ञापन लेने के लिए आयोग के सबसे वरिष्ठ अधिकारी को बैठक स्थल पर भेजा जा सकता है, हालांकि यह भी एक असामान्य कदम होता। लेकिन प्रदर्शनकारी सांसदों ने इस प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया। अंत में निर्वाचन आयोग ने कहा कि वह देश की संसदीय और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं तथा अपने प्रोटोकॉल का पूरा सम्मान करता है और कोई भी राजनीतिक दल तय प्रक्रिया के तहत कभी भी मिलने का समय मांग सकता है तथा अपना उद्देश्य बता सकता है। आयोग अपने शेड्यूल के अनुसार समय तय करता है, जो प्रक्रिया का हिस्सा है।
चुनाव आयुक्त से मुलाकात को लेकर विपक्ष पर चुनाव आयोग का पलटवार, बोला- समय मांगा ही नहीं गया
निर्वाचन आयोग ने उस समय बड़ा बयान दिया है जब इंडिया ब्लॉक के विपक्षी दलों ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी को लेकर दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन क
NRI Post Hindi Desk · 49 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





