बाढ़ के कारण इटावा स्थित राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य और मध्य प्रदेश के पन्ना स्थित केन घड़ियाल अभयारण्य से बड़ी संख्या में घड़ियाल और मगरमच्छ बहकर प्रयागराज पहुंच गए हैं। चंबल और केन दोनों नदियां यमुना में आकर मिलती हैं, और बाढ़ के दौरान ये जीव यमुना के रास्ते संगमनगरी तक आ गए हैं। तटीय इलाकों में आए दिन इनका इंसानों से सामना हो रहा है, और कई जगह तो ये चार से पांच के झुंड में नजर आ रहे हैं। नदियों में इनकी मौजूदगी ने तटीय क्षेत्रों की बस्तियों का चैन-सुकून छीन लिया है। घड़ियाल और मगरमच्छ का सबसे अधिक खतरा यमुनापार में है। करछना के रामपुर उपरहार के पास नहर में ग्रामीणों ने चार से पांच मगरमच्छों का एक झुंड देखा, लेकिन वन कर्मी पहुंचते इससे पहले ही मगरमच्छ ग्रामीणों की आंखों के आगे से ओझल हो गए। जसरा के गौहनिया से होकर गुजरी एक नदी में मछली पकड़ते समय एक मगरमच्छ ग्रामीणों के जाल में फंस गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि वहां पर चार मगरमच्छ और भी हैं। छतनाग इलाके में एक भूखंड में लोगों ने मगरमच्छ देखा। गंगा और यमुना के किनारे के अन्य गांवों व बस्तियों का भी कुछ यही हाल है। बीते डेढ़ से दो महीने के अंदर ही करीब 20 जगह घड़ियाल व मगरमच्छ देखे गए हैं। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रयागराज में मगरमच्छों और घड़ियालों का प्राकृतिक वास नहीं है। सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि वन विभाग अब तक एक भी मगरमच्छ या घड़ियाल संरक्षित नहीं कर पाया, और ये नदियों व उसके आसपास के इलाकों में विचरण कर रहे हैं, जो न इंसानों के लिए ठीक है और न खुद इन जीवों के लिए। वन विभाग के रेंजर लक्ष्मीकांत दुबे बताते हैं कि एक वयस्क मगरमच्छ का वजन 150 से 220 किलोग्राम तक हो सकता है, जमीन की अपेक्षा पानी में इसकी रफ्तार तेज होती है, और यह अपने शरीर के वजन के दोगुना तक भारी पशु को अपना निवाला बना सकता है। मगरमच्छ व घड़ियाल दिखने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर जा रही है, लेकिन अभी तक किसी मगरमच्छ को संरक्षित नहीं किया जा सका है। डीएफओ अरविंद कुमार यादव के अनुसार टीमें लगातार संबंधित क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं।
चंबल और केन नदी से बहकर प्रयागराज पहुंचे मगरमच्छ और घड़ियाल, 20 से ज्यादा जगहों पर दहशत
बाढ़ के कारण इटावा स्थित राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य और मध्य प्रदेश के पन्ना स्थित केन घड़ियाल अभयारण्य से बड़ी संख्या में घड़ियाल और मगरमच्छ बहकर प्रयागराज पहुंच गए हैं। चंबल और केन दोनों नदियां यमुना मे
NRI Post Hindi Desk · 69 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


