उत्तराखंड के चमोली में फटे बादल और लगातार हो रही भारी वर्षा का असर अब उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में साफ देखने को मिल रहा है। पहाड़ों से आ रहे पानी की वजह से गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे शुक्लागंज के कटरी इलाकों में पानी भर गया है और किसानों की फसलें डूब गई हैं। गुरुवार को जहां गंगा का जलस्तर 112.20 मीटर दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार को यह बढ़कर 112.28 मीटर पर पहुंच गया है, यानी 24 घंटे में जलस्तर में आठ सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह जलस्तर चेतावनी बिंदु 113 मीटर से मात्र 72 सेंटीमीटर दूर है, जो गंभीर स्थिति की ओर इशारा कर रहा है। प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें लगातार गंगा के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं और पीछे से आ रहे पानी का आकलन कर बैराज के गेट खोले जा रहे हैं। नरोरा बांध से गंगा में 1,11,969 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जबकि बैराज से शुक्लागंज की ओर 3,00,9217 क्यूसेक जल प्रवाहित किया जा रहा है। बिठूर से सटे गंगा किनारे के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और जलभराव वाले इलाकों में ग्रामीणों को निकालने के लिए नावों की व्यवस्था की जा रही है। इस बीच बाढ़ का कहर और भी विकराल हो गया है, सदर तहसील क्षेत्र के गांव दौली की मड़ैया में वीरू का मकान शुक्रवार दोपहर बाद गंगा की चपेट में आकर कट गया, जबकि इससे पहले गुरुवार को देव सिंह का मकान बाढ़ की भेंट चढ़ चुका था। वहीं ब्लॉक शमसाबाद क्षेत्र के गांव कटरी तौफीक में जगदीश और रामवीर के मकान भी गंगा में समा गए हैं। कटरी भीमपुर के मजरा दौली में सचिन कुमार और हंसराम के मकान अब कटान के मुहाने पर खड़े हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तहसील प्रशासन ने प्रभावित गांवों में चार मोटरचालित नावें तैनात की हैं और एसडीएम सदर संजय कुमार सिंह ने लेखपाल को मौके पर भेजकर मुआवजे की कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि नहरों में भी जल स्तर बढ़ने से गंगा का जलस्तर और ऊपर चढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पंकज गौतम ने बताया कि पूरी टीम सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
चमोली में बादल फटने का कहर कानपुर तक, 24 घंटे में गंगा का जलस्तर बढ़ा, कटरी इलाकों में बाढ़ से फसलें तबाह
उत्तराखंड के चमोली में फटे बादल और लगातार हो रही भारी वर्षा का असर अब उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में साफ देखने को मिल रहा है। पहाड़ों से आ रहे पानी की वजह से गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे श
NRI Post Hindi Desk · 102 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





