मध्य प्रदेश के भिंड शहर में बुधवार रात एक मकान के कमरे का फर्श अचानक धंस जाने से हड़कंप मच गया। गर्ल्स स्कूल वाली गली में स्थित इस मकान में 45 वर्षीय निशि मिश्रा अपने कमरे में पलंग की चादर बदल रही थीं, तभी अचानक फर्श भरभराकर नीचे बैठ गया और वह पलंग समेत करीब 15 से 16 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरीं। घटना बुधवार रात करीब 9:15 बजे की है, जब परिवार के बाकी सदस्य किसी निमंत्रण में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। कुछ ही पलों में कमरे का फर्श एक गहरे गड्ढे में बदल गया, जिससे आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। गनीमत रही कि महिला की जान बच गई, हालांकि उन्हें चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर लौटे परिजनों ने जब कमरे का फर्श धंसा और गहरा गड्ढा बना देखा तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद निशि के छोटे भाई अनूप मिश्रा और पड़ोसियों ने सीढ़ी की मदद से उन्हें बाहर निकालने की कोशिश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद महिला को गड्ढे से बाहर निकाला गया। मकान मालिक पंडित अनुराग मिश्रा के मुताबिक, जिस जगह फर्श धंसा है, वहां सिंधिया स्टेट के समय कचहरी लगती थी और उनके परदादा पंडित मदन मोहन मिश्रा उस दौर में ऑनरेरी मजिस्ट्रेट थे। उनके परदादा वनखंडेश्वर महादेव मंदिर के माफीदार पुजारी भी थे और उस समय आसपास के इलाकों से कर वसूली तथा अनाज जमा करने की जिम्मेदारी उनके पास थी। वसूले गए अनाज को सुरक्षित रखने के लिए जमीन के भीतर एक बड़ी खंती बनाई गई थी, जहां कचहरी भी संचालित होती थी। मकान मालिक ने बताया कि बाद में पुरानी खंती को बंद कर उसके ऊपर मकान बनाया गया और वर्ष 1980 में उनके पिता और चाचा ने पुराने मकान का पुनर्निर्माण कराया, जिस दौरान जमीन के नीचे मौजूद अनाज की खंती को बंद कर दिया गया था। अनुराग मिश्रा का अनुमान है कि वर्षों तक पानी का रिसाव होने से खंती के भीतर की मिट्टी धीरे-धीरे खिसकती और बहती रही, जिससे जमीन के नीचे खाली जगह बढ़ती गई और मकान का आधार कमजोर होता चला गया। उनके मुताबिक, बुधवार रात कमजोर हिस्से पर दबाव पड़ने से कमरे का फर्श अचानक भरभराकर नीचे बैठ गया और मौके पर बने गड्ढे की गहराई करीब 15 से 16 फीट बताई जा रही है।
चादर बदलते वक्त अचानक धंसा फर्श, पलंग समेत 16 फीट गहरे गड्ढे में गिरी महिला
मध्य प्रदेश के भिंड शहर में बुधवार रात एक मकान के कमरे का फर्श अचानक धंस जाने से हड़कंप मच गया। गर्ल्स स्कूल वाली गली में स्थित इस मकान में 45 वर्षीय निशि मिश्रा अपने कमरे में पलंग की चादर बदल रही थीं
NRI Post Hindi Desk · 15 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


