नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, बिहार और महाराष्ट्र में विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए द्विवार्षिक चुनावों में कांग्रेस पार्टी एक भी सीट जीतने में असफल रही और उसका खाता तक नहीं खुला। बैलेट पेपर से कराए गए इन चुनावों के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए, जिनमें केवल स्नातक और शिक्षक मतदाता ही हिस्सा ले सकते थे। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के 11 शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अब तक आठ सीटों के परिणाम घोषित किए गए हैं, जिनमें से पांच सीट पर भाजपा और तीन पर समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की है। वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की प्रतिष्ठित सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की है, जबकि मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिनेश कुमार गोयल, लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के आकाश अग्रवाल, मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के श्रीचंदर शर्मा और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के हरि सिंह ढिल्लो ने जीत हासिल की है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले विधान परिषद चुनाव को भाजपा और सपा के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है। बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक के चार-चार क्षेत्रों के चुनाव के अंतिम परिणाम आ गए हैं, जहां भाजपा को तीन और राजद, जदयू तथा जन सुराज पार्टी को एक-एक सीट पर जीत मिली है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने दो सीटों पर परचम लहराया है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नीरज कुमार चुनाव जीत गए हैं, जबकि मोकामा के जदयू विधायक (अब पार्टी से निलंबित) अनंत सिंह के समर्थन वाले जनसुराज के अनुज सिंह तीसरे नंबर पर रहे। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पांच बार चुनाव जीते भाजपा के नवल किशोर यादव इस बार हार गए हैं। कर्नाटक का परिणाम कांग्रेस के लिए खासतौर पर निराशाजनक रहा, जहां भाजपा-जदएस ने सत्तारूढ़ पार्टी को चार में से एक भी सीट नहीं जीतने दी। जदएस ने कांग्रेस से एक सीट छीन ली, जबकि भाजपा ने तीन सीटें बरकरार रखीं। इस नतीजे से कांग्रेस सरकार की स्थिरता पर असर नहीं पड़ेगा, लेकिन इसे भाजपा-जदएस के नेतृत्व में विपक्ष के एकजुट होने का परिणाम माना जा रहा है। महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ महायुति तीन सीटों पर आगे है, जबकि विपक्षी राकांपा (एसपी) दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना के किरण सरनाइक आगे चल रहे हैं, जबकि पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार कौस्तुभ गावड़े बढ़त बनाए हुए हैं। पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राकांपा (एसपी) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख-जाधव जीत की ओर बढ़ती दिख रही हैं और छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राकांपा (एसपी) के प्रतापसिंह पाटिल आगे चल रहे हैं। गौरतलब है कि इन चुनावों में कांग्रेस का चारों राज्यों में खाता न खुलना पार्टी के लिए एक बड़े राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
चार राज्यों की 28 एमएलसी सीटों पर कांग्रेस का खाता शून्य, भाजपा-सपा-जदएस ने मारी बाजी
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, बिहार और महाराष्ट्र में विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए द्विवार्षिक चुनावों में कांग्रेस पार्टी एक भी सीट जीतने में असफल रही और उसका खाता तक नहीं खुला। बैलेट पेपर से क
NRI Post Hindi Desk · 27 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




