चीन के पानझिहुआ चिड़ियाघर में रहने वाला एक मोटा-ताजा तेंदुआ इन दिनों इंटरनेट पर खूब चर्चा बटोर रहा है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक इस तेंदुए का नाम पैन बाओबाओ है, जो दक्षिण-पश्चिमी चीन के पानझिहुआ चिड़ियाघर में रहता है। अपनी भारी-भरकम और गोल-मटोल काया की वजह से यह तेंदुआ इतना मशहूर हो गया है कि इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग चिड़ियाघर पहुंचते हैं और सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें और वीडियो खूब वायरल होते रहते हैं। इंटरनेट पर लोग इसकी तुलना डिज्नी की मशुर फिल्म जूटोपिया के मोटे चीते अफसर क्लॉहॉजर से करते हैं, जो अपने भारी शरीर और खाने के शौक के लिए जाना जाता है। धीरे-धीरे यह तेंदुआ चीन में शरीर को लेकर सकारात्मक सोच यानी बॉडी पॉजिटिविटी की चर्चा का हिस्सा बन गया और लोग उसके मोटापे को लेकर मजेदार टिप्पणियां भी करने लगे। पैन बाओबाबो का बढ़ता वजन चिड़ियाघर के अधिकारियों के लिए चिंता का विषय बन गया था, जिसके चलते साल 2024 में उसे वजन कम कराने के लिए खास डाइट पर रखा गया और उसके खाने की मात्रा और खानपान पर नजर रखी जाने लगी। हालांकि बाद में विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद चिड़ियाघर ने उसका वजन घटाने वाला प्रोग्राम बंद कर दिया और उसे घूमने-फिरने तथा शारीरिक गतिविधियां करने के लिए पहले से बड़ा बाड़ा भी दिया गया। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक चिड़ियाघर के प्रवक्ता झांग सोंगवेन ने बताया कि पैन बाओबाओ अब 19 साल का हो चुका है और इस उम्र में उसका वजन घटाने की कोशिश करना ठीक नहीं होगा, क्योंकि जानवरों की उम्र बढ़ने के साथ उनके शरीर में भी बदलाव आते हैं, त्वचा ढीली पड़ने लगती है और शरीर का आकार बदल सकता है, इसलिए इस उम्र में सबसे जरूरी है कि जानवर की सेहत अच्छी बनी रहे। चिड़ियाघर के अधिकारियों के मुताबिक अब पैन बाओबाबो को ऐसी डाइट दी जा रही है जिससे उसे पर्याप्त पोषण मिल सके और उसके रोज के खाने में एक पाउंड यानी करीब 450 ग्राम से ज्यादा मीट शामिल है, इसके अलावा उसे चिकन भी दिया जाता है ताकि शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते रहें। चिड़ियाघर आने वाले कुछ लोगों का कहना है कि तेंदुए की कमर पहले से ज्यादा चौड़ी दिखाई देने लगी है, लेकिन अधिकारियों का दावा है कि उसके वजन में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं आया है और हाल ही में पशु चिकित्सक ने भी उसकी जांच कर उसे स्वस्थ बताया था। चिड़ियाघर के प्रवक्ता का कहना है कि अगर पैन बाओबाबो का वजन स्थिर रहता है और वह खुश और सक्रिय नजर आता है तो यही उसके लिए सबसे अच्छी स्थिति है। पैन बाओबाबो की लोकप्रियता के बीच चिड़ियाघर को आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा था, कुछ लोगों ने आरोप लगाया था कि चिड़ियाघर जानबूझकर अपने जानवरों को मोटा कर रहा है ताकि वे सोशल मीडिया पर मशहूर हो सकें, और आलोचकों ने इसकी तुलना थाईलैंड की मशहूर हिप्पो मू डेंग की लोकप्रियता से भी की थी। फिलहाल चिड़ियाघर के अधिकारियों का कहना है कि उनकी प्राथमिकता पैन बाओबाबो को दुबला-पतला बनाना नहीं बल्कि उसकी सेहत का ध्यान रखना है, यानी अब इस मोटे-ताजे तेंदुए के लिए वजन घटाने से ज्यादा जरूरी है कि वह अपनी उम्र के इस पड़ाव पर आराम से रहे और स्वस्थ जिंदगी जिए।
चीन के चिड़ियाघर में वायरल हो रहा मोटा-ताजा तेंदुआ, उम्र के इस पड़ाव पर डाइट प्रोग्राम बंद
चीन के पानझिहुआ चिड़ियाघर में रहने वाला एक मोटा-ताजा तेंदुआ इन दिनों इंटरनेट पर खूब चर्चा बटोर रहा है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक इस तेंदुए का नाम पैन बाओबाओ है, जो दक्षिण-पश्चिमी चीन के पा
NRI Post Hindi Desk · 1 घंटे पहले · अपडेट 37 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

