|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार बस पेड़ से टकराई, 5 की मौत, 32 घायल; 15 की हालत गंभीर

छत्तीसगढ़ में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से एक दिल झकझोर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा

NRI Post Hindi Desk · 33 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 1 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार बस पेड़ से टकराई, 5 की मौत, 32 घायल; 15 की हालत गंभीर
📷 NRI Post Hindi Desk

छत्तीसगढ़ में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से एक दिल झकझोर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई। यह हादसा केल्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पहाड़ हंसवाही के पास हुआ। बस में तीस से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें कई महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में बत्तीस से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को फौरन नजदीकी केल्हारी अस्पताल और मनेंद्रगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। मनेंद्रगढ़ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बताया कि अस्पताल में घायलों का इलाज युद्ध स्तर पर जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से करीब पंद्रह लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में बस मालिक की भी मौत हो चुकी है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने इस हादसे पर दुख जताया है और राज्य सरकार से पीड़ितों के लिए भारी मुआवजे की मांग की है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को दस-दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता तुरंत दी जाए।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!