|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

जेन-जी की आकांक्षाएं और भारतीय राजनीति: भरोसे का संकट या बदलाव का द्वार?

भारतीय राजनीति में जेन-जी को लेकर जो चर्चा और हलचल इन दिनों देखने को मिल रही है, वह कोई आकस्मिक रुझान नहीं है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह एक बड़े सामाजिक और राजनीतिक बदलाव की तरफ इशारा करती है। देश

NRI Post Hindi Desk · 84 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
जेन-जी की आकांक्षाएं और भारतीय राजनीति: भरोसे का संकट या बदलाव का द्वार?
📷 NRI Post Hindi Desk

भारतीय राजनीति में जेन-जी को लेकर जो चर्चा और हलचल इन दिनों देखने को मिल रही है, वह कोई आकस्मिक रुझान नहीं है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह एक बड़े सामाजिक और राजनीतिक बदलाव की तरफ इशारा करती है। देश की करीब एक चौथाई आबादी इसी पीढ़ी की है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या के बावजूद राजनीतिक फैसलों के केंद्र में उन्हें अपेक्षित स्थान नहीं मिल पा रहा है। यही असंतुलन और बेचैनी उन्हें सबसे अलग और अहम बनाती है। जेन-जी भारत की पहली पीढ़ी है जो स्मार्टफोन और इंटरनेट मीडिया के साथ बड़ी हुई है, जहां कोई भी छोटी सी नाराजगी पलक झपकते ही देशव्यापी आक्रोश का रूप ले सकती है। यह पीढ़ी किसी एक विचारधारा या किसी एक पार्टी के दायरे में बंधी नहीं है, बल्कि इलाके, भाषा, जाति, वर्ग और आर्थिक हैसियत के हिसाब से इसके भीतर कई तरह की विविधताएं हैं। बेंगलुरु के स्टार्टअप में काम करने वाला युवक, प्रयागराज में सरकारी नौकरी की तैयारी करती छात्रा और किसी छोटे शहर में पारिवारिक कारोबार संभाल रहा लड़का, सभी इसी पीढ़ी के प्रतिनिधि हैं, लेकिन उनकी प्राथमिकताएं और पसंद एक दूसरे से बिल्कुल अलग हो सकती हैं। उन्हें "वोट बैंक" कहकर उनकी असली तस्वीर को छोटा करके देखना गलत होगा। इस पीढ़ी के सामने सबसे बड़ी चुनौती पढ़ाई और नौकरी के बीच बढ़ती दूरी है। एक पूरी पीढ़ी को पढ़ने, हुनर सीखने और मेहनत करने के लिए कहा गया, लेकिन जब परीक्षा में गड़बड़ी, भर्ती में देरी और अवसरों में कमी सामने आती है तो यह गहरा दर्द बन जाती है। डिग्रियां तो बढ़ी हैं, लेकिन उस हिसाब से प्रतिष्ठा वाली नौकरियां नहीं बढ़ी हैं, जिससे पढ़े-लिखे बेरोजगारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दुनिया भर में युवाओं में फैली बेचैनी का असर भारत पर भी दिखता है। तेजी से बदलती तकनीक, आटोमेशन और नई मशीनों की वजह से नौकरियों पर मंडराता खतरा और सत्ता में बैठे लोगों के प्रति गहराता अविश्वास उन्हें परेशान कर रहा है। हाल के वर्षों में नेपाल, इंडोनेशिया, मेडागास्कर और पेरू जैसे देशों में युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलनों ने सरकारों को हिला दिया है। इन आंदोलनों की खास बात यह थी कि ये कोई विचारधारा की लड़ाई नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और नीतियों से खुद को बाहर रखे जाने के खिलाफ गुस्सा था। अगर भारतीय राजनीतिक दल इस मुश्किल को सिर्फ संवाद की समस्या मानकर हल करने की कोशिश करेंगे और सोचेंगे कि इंस्टाग्राम रील्स या थोड़ी और आकर्षक भाषा से बात बन जाएगी, तो यह बड़ी गलती होगी। एक वायरल वीडियो किसी युवा के सालों की मेहनत के बाद मिली निराशा को मिटा नहीं सकती। इसका स्थायी समाधान तीन पहलुओं में निहित है - भरोसा, आर्थिक अवसर और राजनीतिक भागीदारी। भरोसा तब बनता है जब परीक्षा और भर्ती की प्रक्रिया निष्पक्ष हो। आर्थिक अवसर तब बनते हैं जब पढ़ाई को नौकरी के अनुकूल बनाया जाए और उद्यमिता सिर्फ एक नारा न रहकर वास्तविकता में बदले। राजनीतिक भागीदारी तभी मायने रखती है जब युवाओं को सिर्फ प्रचार में चेहरा दिखाने के लिए नहीं, बल्कि नीति बनाने और फैसले लेने की प्रक्रिया में शामिल किया जाए। जो भी नेतृत्व इन जरूरतों को समझेगा और उसके अनुरूप आचरण करेगा, वही इस पीढ़ी का भरोसा जीत पाएगा।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!