जम्मू-कश्मीर विधानसभा का सात बैठक वाला शरद सत्र सोमवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो रहा है। विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार, सत्र की शुरुआत 21 सितंबर को शोक प्रस्तावों के साथ होगी और अगले दिन सरकारी कामकाज पर चर्चा होगी। 24 सितंबर को प्राइवेट मेंबर्स के बिलों पर चर्चा होगी और उसके अगले दिन प्राइवेट मेंबर्स के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। 28 सितंबर को सदन फिर से प्राइवेट मेंबर्स के बिलों पर चर्चा करेगा, जिसके बाद 29 और 30 तारीख को सरकारी कामकाज होगा। सत्र के हंगामेदार होने के आसार हैं, क्योंकि मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी सहित अन्य दल रोजगार, चुनावी वादों को पूरा करने में कथित विफलता और अन्य मुद्दों पर उमर अब्दुल्ला सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। भाजपा की रणनीति में सरकारी नौकरियों की आउटसोर्सिंग, सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार और पंचायत तथा शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव में देरी जैसे मुद्दे शामिल हैं, और वह बिजली दरों में बढ़ोतरी तथा चुनावी वादों को पूरा नहीं करने का मुद्दा भी सदन में उठाएगी। पीडीपी ने कहा है कि वह बेरोजगारी, सरकारी नौकरियों की आउटसोर्सिंग, आरक्षण नीति और सरकारी सेवाओं में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा उठाएगी। इसके अतिरिक्त सरकार का समर्थन कर रही कांग्रेस भी कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगी। सत्तारूढ़ नेशनल कान्फ्रेंस विपक्षी दलों के सवालों का जवाब देने के लिए खुद को तैयार कर रही है, और इसके लिए पार्टी अध्यक्ष डा. फारूक अब्दुल्ला ने कमान संभाली है। वे विधानसभा के सदस्य नहीं हैं, लेकिन पार्टी अध्यक्ष होने के नाते वह बैठक कर रणनीति बना रहे हैं। हालांकि, यह सत्र मात्र सात दिनों का ही है, और यही कम अवधि सरकार के लिए सिरदर्द बन रही है। सत्र की कम अवधि का मुद्दा भाजपा और पीडीपी के साथ कांग्रेस भी उठा रही है। सत्र को देखते हुए विधानसभा कांप्लेक्स तथा इसकी ओर जाने वाले सभी मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का स्वयं जायजा ले रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा सत्र आज से कड़ी सुरक्षा में शुरू, रोजगार और भ्रष्टाचार पर घिरेगी सरकार
जम्मू-कश्मीर विधानसभा का सात बैठक वाला शरद सत्र सोमवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो रहा है। विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार, सत्र की शुरुआत 21 सितंबर को शोक
NRI Post Hindi Desk · 65 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


