|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

ज्योतिष की सलाह देने वाली सीएसपी नेहा पच्चीसिया खुद के ग्रह नहीं पढ़ सकीं, जमीन घोटाले में FIR के बाद फरार

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में चर्चित जमीन डील मामले ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है। कुठला थाने में सीएसपी नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होते ही तीनों आर

NRI Post Hindi Desk · 93 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में चर्चित जमीन डील मामले ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है। कुठला थाने में सीएसपी नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होते ही तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस समय नेहा पच्चीसिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, उसी दौरान वह भोपाल में 18 से 20 अगस्त तक आयोजित विभागीय प्रशिक्षण में शामिल थीं, लेकिन केस की भनक लगते ही वह वहां से गायब हो गईं। पुलिस ने सीएसपी कार्यालय को भी सील कर दिया है और तीनों की तलाश के लिए जल्द ही विशेष जांच दल के गठन की संभावना जताई जा रही है। इस बीच, नेहा पच्चीसिया ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कटनी जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। मामले की तह में जाने पर पता चलता है कि यह पूरा विवाद हत्या के आरोप में जेल गए आकाश लोधी के परिवार की लगभग 2.15 हेक्टेयर जमीन की बिक्री से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, आकाश के जेल जाने के बाद उसके पिता रमेश लोधी पर जमीन बेचने का दबाव बनाया गया। तत्कालीन सीएसपी नेहा पच्चीसिया के कथित दबाव में रमेश लोधी को दो दिनों तक घर पर बैठाकर रखा गया और फिर सरकारी वाहन से कन्हवारा ले जाकर जमीन की रजिस्ट्री करा दी गई। आरोप है कि यह सौदा करीब 1 करोड़ 7 लाख रुपये में तय हुआ, जिसमें रजिस्ट्री के समय केवल 15 लाख रुपये का चेक दिया गया और बाकी 92 लाख रुपये सात दिनों में देने का वादा किया गया, लेकिन राशि कभी नहीं दी गई। जांच में सामने आया कि सरकारी गाइडलाइन के मुताबिक जमीन की कीमत लगभग 82.86 लाख रुपये थी, जबकि रजिस्ट्री में केवल 18.20 लाख रुपये के भुगतान का उल्लेख किया गया। बैंक लेनदेन की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि क्षितिज राज के खाते से 15 लाख रुपये मारूफ अहमद के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसके अलावा, आकाश लोधी के हत्या मामले में भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठे हैं। आरोप है कि समय सीमा के भीतर चालान पेश नहीं किए जाने के कारण आकाश को डिफॉल्ट जमानत मिल गई, जिसके बाद उसने जमीन सौदे की शिकायत दर्ज कराई। यह मामला मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक पहुंचा और वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच की। जांच में रजिस्ट्री, बैंक लेनदेन और पुलिस कार्रवाई के कई पहलू सामने आए। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर नेहा पच्चीसिया को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था के मामलों में लापरवाही और पद के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिलचस्प पहलू यह है कि नेहा पच्चीसिया ज्योतिष में गहरी रुचि रखती थीं और लोगों को ग्रह-नक्षत्रों के आधार पर नग धारण करने और पूजा की सलाह निशुल्क देती थीं, लेकिन शायद वह अपने खराब समय का अनुमान नहीं लगा सकीं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि FIR के बाद तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में कब आते हैं।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!