|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
मनोरंजन

जाह्नवी कपूर का एआई वीडियो वायरल होने पर भड़के जूनियर एनटीआर, बोले- करूंगा कानूनी कार्रवाई

तेलुगू सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर ने बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर से जुड़े एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बनाए गए फर्जी वीडियो को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है और इसे बनाने तथा फैलाने वालों के ख

NRI Post Hindi Desk · 52 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

तेलुगू सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर ने बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर से जुड़े एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बनाए गए फर्जी वीडियो को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है और इसे बनाने तथा फैलाने वालों के खिलाफ हर संभव कानूनी कार्रवाई करने की घोषणा की है। दरअसल, तेलुगू फिल्म 'देवरा' के गाने 'चुट्टामल्ले' से जाह्नवी कपूर और जूनियर एनटीआर का एक डीपफेक एआई वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा था, जिसमें दोनों को लेकर भ्रमित करने वाले दृश्य दिखाए जा रहे थे। यह वीडियो जब अभिनेता तक पहुंचा, तो उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक नोट जारी करते हुए इस पूरे मामले पर अपनी सख्त नाराजगी जाहिर की और लोगों को चेतावनी भी दी। जूनियर एनटीआर ने अपने बयान में लिखा कि जिस देश में महिलाओं को मां और देवी का दर्जा देकर पूजा जाता है, जहां 'मातृदेवो भव:' केवल एक कहावत नहीं बल्कि हमारी संस्कृति का हिस्सा है, वहां कुछ लोग इतनी घटिया हरकत पर उतर आए हैं कि एआई का इस्तेमाल करके एक महिला का बेहद अपमानजनक तरीके से गलत वीडियो बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि एआई की मदद से इस तरह की गंदी और आपत्तिजनक चीज बनाना शब्दों से परे शर्मनाक है। अभिनेता ने साफ शब्दों में कहा कि इस फर्जी और एडिट किए गए वीडियो को बनाने और फैलाने वालों को वह बिल्कुल नहीं छोड़ेंगे और उनके खिलाफ हर संभव कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने इस हरकत को घिनौना, शर्मनाक और बेहद घटिया बताया। अभिनेता ने आगे लोगों से अपील की कि वे ऐसे कंटेंट को न देखें, न शेयर करें और न ही इसे आगे बढ़ाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आज यह किसी और के साथ हुआ है, कल यह आपकी मां, बहन, पत्नी या बेटी के साथ भी हो सकता है, इसलिए यह बेहद गंभीर मामला है। जूनियर एनटीआर ने सभी राज्य सरकारों और भारत सरकार से अपील करते हुए कहा कि एआई के गलत इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं और इसके लिए कड़े नियम बनाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की घटिया हरकत करने की हिम्मत न कर सके। गौरतलब है कि फिल्म 'देवरा' साल 2024 में आई थी, जिससे जाह्नवी कपूर ने अपना साउथ सिनेमा डेब्यू किया था और फिल्म में वह जूनियर एनटीआर की लव इंट्रेस्ट बनी थीं, हालांकि उनकी यह पहली तेलुगू फिल्म सक्सेसफुल साबित नहीं हो पाई थी। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर एआई के दुरुपयोग और महिलाओं की छवि से छेड़छाड़ को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

🔔 मनोरंजन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!