|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

जिनपिंग का ट्रंप को स्वागत भी और टैरिफ पर सख्त संदेश भी, शेनझेन में तीन महाशक्तियों की ऐतिहासिक बैठक

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जब चीन पहुंचे तो राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हवाई अड्डे पर बाहें फैलाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेता गले मिले, मुस्कुराए और रेड कारपेट पर साथ-साथ चलते नजर

NRI Post Hindi Desk · 6 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जब चीन पहुंचे तो राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हवाई अड्डे पर बाहें फैलाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेता गले मिले, मुस्कुराए और रेड कारपेट पर साथ-साथ चलते नजर आए। यह दृश्य सितंबर में हुई उनकी पिछली मुलाकात जैसा ही था, जब ट्रंप ने ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर जिनपिंग की अगवानी की थी। लेकिन इस गर्मजोशी से पहले जिनपिंग ने ट्रंप को ऐसा स्पष्ट संदेश दिया, जिसकी गूंज वॉशिंगटन तक सुनाई दे सकती है। ट्रंप के चीन पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही जिनपिंग ने व्यापारिक संरक्षणवाद के खिलाफ लड़ने का ऐलान किया। इशारा साफ था कि अमेरिका की टैरिफ दादागिरी चीन को मंजूर नहीं है। यानी मेहमान के स्वागत में कोई कमी नहीं रखी गई, लेकिन अमेरिकी नीतियों पर समझौते का भी कोई इरादा नहीं दिखाया गया। दरअसल, चीन के दक्षिणी टेक हब शेनझेन में एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन शिखर सम्मेलन के दौरान जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने संबोधन में पश्चिमी देशों की नीतियों पर सवाल उठाए। जिनपिंग ने कहा कि आज हम एक बदलती और उथल-पुथल भरी दुनिया में हैं, वैश्विक विकास में गति की कमी है, और एकतरफा रवैया तथा संरक्षणवाद का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि चीन ने एकतरफावाद और संरक्षणवाद का डटकर सामना किया है और वह सच्चे बहुपक्षवाद, बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली तथा विश्व व्यापार संगठन के नियमों को बनाए रखने और उसमें सुधार को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। जिनपिंग ने स्पष्ट कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात चाहे जैसे भी बदलें, चीन अन्य सभी देशों के साथ दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद सहयोग की अपनी राह पर अडिग रहेगा। जिनपिंग का संरक्षणवाद पर यह बयान सीधे तौर पर ट्रंप की टैरिफ नीति की ओर इशारा है। ट्रंप ने अमेरिकी उद्योगों को बचाने के नाम पर चीन समेत कई देशों के उत्पादों पर भारी आयात शुल्क लगाए हैं, जिसे चीन मुक्त व्यापार के खिलाफ कदम बताता रहा है। ट्रंप के स्वागत के बीच जिनपिंग ने यह संदेश देने की कोशिश की कि अमेरिका अपनी आर्थिक ताकत के दम पर दूसरे देशों पर व्यापारिक शर्तें नहीं थोप सकता। वहीं पुतिन ने भी पश्चिमी देशों के आर्थिक प्रतिबंधों की आलोचना करते हुए अमेरिका और उसके सहयोगियों को घेरा। अमेरिका समेत कई यूरोपीय देश यूक्रेन युद्ध की वजह से रूस पर प्रतिबंध लगाए हुए हैं। दोनों नेताओं के इन बयानों को ट्रंप के चीन पहुंचने से पहले अमेरिका के लिए एक राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हवाई अड्डे पर गर्मजोशी के बाद दोनों नेता एपेक की ग्रुप फोटो और अन्य नेताओं के साथ आयोजित भोज में भी शामिल होंगे। अब दुनिया की नजर चीन में होने वाली ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की त्रिपक्षीय मुलाकात पर टिकी है। गुरुवार को चीन के शेनझेन शहर में दुनिया के तीन सबसे ताकतवर राष्ट्रपति एक साथ बैठने वाले हैं। इस बैठक में व्यापार, युद्ध, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, बिजनेस सैंक्शन, रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान में अमेरिका का युद्ध और परमाणु हथियारों जैसे अहम मुद्दों पर गरमागरम चर्चा हो सकती है। तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों का एक साथ बैठना वैश्विक राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की यह मुलाकात दुनिया के नए शक्ति संतुलन की दिशा तय करेगी और क्या तीनों महाशक्तियां आपसी मतभेदों के बावजूद किसी बड़े समझौते की ओर बढ़ेंगी।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!