लखनऊ। करीब 11 महीने बाद जेल से रिहा होते ही समाजवादी पार्टी के महासचिव आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया। जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले में ईडी की लखनऊ स्थित जोनल कार्यालय से 16 सदस्यीय टीम चार वाहनों से रामपुर जेल पहुंची थी। ईडी की टीम 2019 में दर्ज ईसीआईआर मामले में गाजियाबाद की अदालत से गिरफ्तारी वारंट लेकर पहुंची थी। गिरफ्तारी के बाद आजम खान को गाजियाबाद ले जाया गया, जहां उन्हें कोर्ट में पेश कर कस्टडी रिमांड की मांग की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें पूछताछ के लिए लखनऊ स्थित ईडी कार्यालय भी लाया जा सकता है। उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को रिहा कर दिया गया। जेल के बाहर बड़ी संख्या में एकत्र आजम समर्थकों ने ईडी के खिलाफ हाय-हाय के नारे लगाए, जबकि सीआरपीएफ जवान और स्थानीय पुलिस तैनात रही। बेटे अब्दुल्ला के दो पैन कार्ड मामले में पिता-पुत्र को 17 नवंबर, 2025 को सात-सात साल की सजा हुई थी, जिसके बाद हाई कोर्ट ने 29 अक्टूबर को दोनों को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया था। आजम खान के खिलाफ 107 और अब्दुल्ला के खिलाफ 58 मुकदमे विचाराधीन हैं। छह वर्षों में आजम खान को चौथी बार गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब 28 अक्टूबर को ईडी ने जौहर विश्वविद्यालय की जमीन और भवनों से जुड़ी 426.46 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की थी। ईडी के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर की जमीन और 59 भवनों की कुल लागत 499.09 करोड़ रुपये आंकी गई, जबकि वैध स्रोतों से केवल 72.63 करोड़ रुपये के खर्च का ही हिसाब मिल सका। सपा सरकार में कद्दावर मंत्री रहे आजम खान ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर निर्माण में 85.81 करोड़ रुपये सरकारी धन भी खर्च कर दिए, जिनका मौजूदा बाजार मूल्य करीब 1,170 करोड़ रुपये बताया गया है। जांच का दूसरा सिरा करीब 186 करोड़ रुपये के लोक निर्माण विभाग के ठेकों से भी जुड़ा है, जिसमें संबंधित कंपनी के प्रबंध निदेशक ने बयान में ठेका राशि का 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए सामग्री खरीदने में इस्तेमाल किए जाने की बात कही थी। स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से करीब 6.60 करोड़ रुपये के कार्यों और जल निगम के माध्यम से कराए गए निर्माण की भी जांच की जा रही है। जेल से बाहर आते ही ईडी की कार्रवाई को लेकर आजम खान तमतमाए नजर आए और उन्होंने कहा कि मुसलमान होने की सजा मिल रही है, गलती यह है कि एक मुसलमान ने यूनिवर्सिटी और बच्चों के स्कूल बनाए। अब्दुल्ला आजम ने भी कहा कि उन्हें अब्दुल्ला नाम होने की सजा मिल रही है। आजम की गिरफ्तारी पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि आजम खान को बार-बार जेल में डालना एक बेहद कायराना हरकत है और जब वक्त बदल जाता है तो तख्त बदल जाता है। उन्होंने कहा कि किसी उम्रदराज को बेमानी मुकदमों में फंसाकर बार-बार जेल में डालना नाइंसाफी है और जुल्म करने वाले को ही इसका कहर भुगतना पड़ेगा।
जेल से रिहा होते ही आजम खान गिरफ्तार, ईडी ने जौहर विश्वविद्यालय धन दुरुपयोग मामले में ली हिरासत
लखनऊ। करीब 11 महीने बाद जेल से रिहा होते ही समाजवादी पार्टी के महासचिव आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया। जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी धन के दुरुपयोग के माम
NRI Post Hindi Desk · 24 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




