फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल अब एक नए गैजेट को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपना खास डिवाइस टेंपल भारत में पेश कर दिया है। इस डिवाइस की खास बात यह है कि इसे इंसान की सेहत और दिमाग से जुड़ी एक्टिविटी को ट्रैक करने के लिए तैयार किया गया है। अब भारत में इसके प्री-ऑर्डर भी शुरू हो गए हैं। अगर आप भी इस डिवाइस को खरीदने का सोच रहे हैं, तो इसकी कीमत और फीचर्स के बारे में जानना जरूरी है। टेंपल कोई आम स्मार्टवॉच या फिटनेस बैंड नहीं है। इसे खासतौर पर दिमाग में होने वाले ब्लड फ्लो और उससे जुड़े सिग्नल को ट्रैक करने के लिए बनाया गया है। यह डिवाइस सिर के एक तरफ, माथे और कान के बीच लगाया जाता है। इसमें ऑप्टिकल सेंसर दिए गए हैं, जो दिमाग में खून के बहाव में होने वाले बदलाव को ट्रैक करते हैं। कंपनी इस टेक्नोलॉजी को ब्रेनफ्लो कहती है। इस डिवाइस में एंट्रॉपी स्कोर नाम का एक फीचर भी मिलता है। यह 1 से 250 के बीच स्कोर दिखाता है। इस स्कोर की मदद से यूजर अपने शरीर पर पड़ने वाले तनाव को समझ सकता है। इसमें नींद, एक्सरसाइज, स्ट्रेस और कैफीन जैसी चीजों का असर भी शामिल हो सकता है। टेंपल को सिर पर लगाने के लिए किसी स्ट्रैप की जरूरत नहीं होती। इसे ग्रिप्स नाम के खास चिपकने वाले टेप से लगाया जाता है। कंपनी के मुताबिक, इसे रनिंग, स्विमिंग और नहाते समय भी पहना जा सकता है। यह चश्मा लगाने वाले लोगों के लिए भी डिजाइन किया गया है। टेंपल की कीमत भारत में 85 हजार रुपये रखी गई है। इसमें लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन भी शामिल है। भारत में इसकी प्री-ऑर्डर विंडो 1 नवंबर को रात 9:30 बजे खुलेगी। यूजर टेंपल की ऐप या ऑफिशियल वेबसाइट temple.com पर जाकर इसे बुक कर सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, हर डिवाइस ऑर्डर मिलने के बाद तैयार किया जाएगा। ऐसे में डिलीवरी में करीब तीन महीने का समय लग सकता है। खास बात है कि डिवाइस शिप होने से पहले यूजर रिफंड की रिक्वेस्ट भी कर सकते हैं। टेंपल को ट्रू गोल्ड, रोज गोल्ड, ब्लैक मिरर, रियल जेड, डीप ब्लू और परपल फंक जैसे 6 कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। हालांकि, एक बात ध्यान देने वाली है कि टेंपल को मेडिकल जांच या बीमारी का पता लगाने वाला डिवाइस नहीं बताया गया है। इसे वेलनेस और रिसर्च के लिए बनाया गया है। यानी यह स्मार्टवॉच से अलग तरह का गैजेट है, लेकिन इसे खरीदने से पहले इसके फीचर्स और इस्तेमाल को अच्छी तरह समझना जरूरी है।
जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने पेश किया अनोखा गैजेट, 85 हजार रुपये में उपलब्ध
फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल अब एक नए गैजेट को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपना खास डिवाइस टेंपल भारत में पेश कर दिया है। इस डिवाइस की खास बात यह है कि इसे इंसान की सेहत और दिमाग
NRI Post Hindi Desk · 23 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




