झारखंड सरकार के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत चुनौतीपूर्ण साबित हो रही है। वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 में राज्य का कुल राजस्व संग्रह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 10.92 प्रतिशत घटकर 1,709.50 करोड़ रुपये रह गया है, जबकि अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 1,919.11 करोड़ रुपये था। इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी कलेक्शन में आई भारी कमी है। आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2026 में जीएसटी कलेक्शन घटकर 937.11 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल इसी महीने में एकत्र किए गए 1,200.77 करोड़ रुपये की तुलना में 21.96 प्रतिशत की गिरावट दर्शाता है। खासकर इंटीग्रेटेड गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स सेटलमेंट में सबसे अधिक 58.19 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है, जो 449.10 करोड़ रुपये से घटकर मात्र 187.77 करोड़ रुपये रह गई है। हालांकि, इस संकट के बीच राहत की एक बड़ी खबर यह है कि राज्य के घरेलू कर राजस्व में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। अगस्त 2026 में वैट कलेक्शन में 15.45 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है, जो बढ़कर 695.90 करोड़ रुपये हो गया है। इसी तरह कुल नान-जीएसटी कलेक्शन में भी 7.52 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पहले ही आशंका जताई थी कि राजस्व संग्रह पर असर पड़ सकता है। वित्तीय वर्ष के लिए विभाग ने 24 हजार करोड़ रुपये का वार्षिक लक्ष्य रखा है, लेकिन अप्रैल से अगस्त तक मात्र 8,172.70 करोड़ रुपये ही जुटाए जा सके हैं, जो लक्ष्य का सिर्फ 34.05 प्रतिशत है। पिछले वर्ष की तुलना में कुल कलेक्शन में 15.14 प्रतिशत की गिरावट चिंता का विषय बनी हुई है। वरीय अधिकारियों का मानना है कि आइजीएसटी सेटलमेंट में आई कमी गंभीर है, जबकि वैट में बढ़त से घरेलू अर्थव्यवस्था में कुछ सुधार का संकेत मिलता है। विभाग ने बाकी महीनों में लक्ष्य हासिल करने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। वित्त मंत्री ने कहा है कि नवंबर आते-आते इसकी भरपाई कर ली जाएगी। बेहतर प्रयास करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जा सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यही रफ्तार रही तो वार्षिक लक्ष्य को पूरा करना विभाग के लिए बेहद कठिन साबित होगा। प्रोफेशनल टैक्स संग्रह में भी 46.63 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जो सरकार के लिए एक और चिंता का विषय है।
झारखंड के राजस्व पर भारी संकट: अगस्त में कलेक्शन 10.92% गिरा, जीएसटी में 22% की गिरावट, वैट ने संभाला मोर्चा
झारखंड सरकार के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत चुनौतीपूर्ण साबित हो रही है। वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 में राज्य का कुल राजस्व संग्रह पिछले वर्ष की समान अवधि
NRI Post Hindi Desk · 80 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




