झारखंड सरकार ने पारिवारिक एवं सामाजिक कारणों से स्कूल की पढ़ाई बीच में छोड़ चुके बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य सरकार अब ऐसे बच्चों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी संस्थान (एनआईओएस) के माध्यम से दूरस्थ शिक्षा पद्धति से मैट्रिक और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने का अवसर प्रदान करेगी। इस योजना के तहत 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग के उन बच्चों का नामांकन मैट्रिक स्तर पर होगा, जो किसी कारणवश स्कूल से बाहर हैं। वहीं, 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग के उन बच्चों को इंटरमीडिएट में नामांकन का मौका दिया जाएगा, जिन्होंने मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य समग्र शिक्षा अभियान के तहत छह से 18 वर्ष के सभी बच्चों का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित करना है, क्योंकि अभी भी बड़ी संख्या में बच्चे शिक्षा की मुख्य धारा से जुड़ नहीं पाए हैं। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को ऐसे बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। इच्छुक बच्चे या उनके अभिभावक 29 अगस्त तक संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। परीक्षा उत्तीर्ण करने पर बच्चों को एनआईओएस का मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जो उनके भविष्य के लिए कारगर साबित होगा। गौरतलब है कि राज्य में उच्च प्राथमिक स्तर पर स्कूल छोड़ने की दर 2.5 प्रतिशत तथा माध्यमिक स्तर पर 6.6 प्रतिशत है, जिसके चलते कई बच्चे मैट्रिक और इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी नहीं कर पाते। परिषद ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे ऐसे बच्चों की जानकारी विद्या समीक्षा केंद्र के टोल फ्री नंबर पर दें ताकि उन्हें इस योजना का लाभ मिल सके। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत वर्ष 2030 तक माध्यमिक स्तर तक शत-प्रतिशत सकल नामांकन अनुपात हासिल करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
झारखंड के स्कूल छोड़ चुके बच्चों के लिए राहत भरी खबर, एनआईओएस से पूरी करें मैट्रिक-इंटर की पढ़ाई, 29 अगस्त तक करें आवेदन
झारखंड सरकार ने पारिवारिक एवं सामाजिक कारणों से स्कूल की पढ़ाई बीच में छोड़ चुके बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य सरकार अब ऐसे बच्चों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी संस्थान (एनआईओएस) के
NRI Post Hindi Desk · 102 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




