मुंबई। टाटा समूह में एक बड़ा विवाद सामने आया है। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के प्रस्ताव को चुनौती दी है। यह प्रस्ताव 17 सितंबर को हुई टाटा संस की बोर्ड बैठक में पारित किया गया था, जिसके तहत फरवरी 2027 के बाद भी चंद्रशेखरन को अध्यक्ष बनाए रखने का फैसला लिया गया था। नोएल टाटा ने सोमवार को टाटा संस के कंपनी सचिव सुप्रकाश मुखोपाध्याय को पत्र लिखकर इस प्रस्ताव पर आपत्ति जताई और इसे अमान्य बताया है। सूत्रों के अनुसार, नोएल टाटा ने अपने पत्र में पांच साल के लिए की गई पुनर्नियुक्ति को लेकर कई आधार दिए हैं, जिनमें बैठक की सूचना और एजेंडा से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। उनका तर्क है कि पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव तय क्रम से हटकर रखा गया और इसे बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं किया गया था, जबकि एजेंडे में केवल नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति की ओर से जानकारी देने का विषय था। नोएल टाटा ने पत्र में बोर्ड बैठक की बिना संपादन वाली वीडियो रिकार्डिंग भी मांगी है, ताकि बैठक में हुई चर्चा और प्रक्रिया का स्पष्ट रिकॉर्ड सामने आ सके। इस मामले में टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स की ओर से तत्काल कोई जवाब नहीं मिल पाया है। उल्लेखनीय है कि टाटा संस में दो-तिहाई हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट्स के प्रमुख नोएल टाटा ने प्रस्ताव को मतदान के लिए रखे जाने पर विरोध जताया था। ट्रस्ट्स के दूसरे नामित निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने पुनर्नियुक्ति के पक्ष में बहुमत का साथ दिया, जबकि पक्ष में मतदान करने वाले अन्य निदेशकों में अनिता जार्ज, हरीश मनवानी और सौरभ अग्रवाल शामिल थे। नोएल टाटा का कहना है कि टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के मुताबिक, प्रस्ताव पारित करने के लिए टाटा ट्रस्ट्स के नामित निदेशकों का समर्थन में मतदान करना जरूरी है, और इस शर्त के पूरा न होने के कारण पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव मान्य नहीं है। इस पूरे घटनाक्रम ने टाटा समूह के शीर्ष नेतृत्व में मतभेद को सार्वजनिक कर दिया है, और अब सभी की निगाहें टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के अगले कदम पर टिकी हैं।
टाटा समूह में घमासान: नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को चुनौती दी, बोर्ड बैठक की अनकट वीडियो मांगी
मुंबई। टाटा समूह में एक बड़ा विवाद सामने आया है। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के प्रस्ताव को चुनौती दी है। यह प्रस्ताव 17 सितंबर को हुई टाट
NRI Post Hindi Desk · 29 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




