इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के लिए साल 2027 आर्थिक लिहाज से बेहद मुश्किल साबित हो सकता है। बोर्ड को करीब 50 मिलियन पाउंड यानी 627 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। दिलचस्प बात यह है कि इस दौरान इंग्लैंड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज भी खेली जाएगी, लेकिन उससे होने वाली कमाई इस घाटे की भरपाई के लिए पर्याप्त नहीं होगी। 'द गार्जियन' की रिपोर्ट के मुताबिक, इस वित्तीय संकट की दो प्रमुख वजहें हैं। पहली, 2027 में भारतीय टीम का इंग्लैंड दौरा नहीं होना और दूसरी, आईसीसी का सदस्य देशों को मिलने वाले राजस्व का कुछ हिस्सा रोकने का फैसला। भारतीय टीम का दौरा इंग्लैंड क्रिकेट के लिए बड़े व्यावसायिक अवसरों में शामिल होता है। भारत में क्रिकेट की लोकप्रियता और विशाल दर्शक संख्या के कारण भारतीय टीम से जुड़े मुकाबलों के प्रसारण अधिकारों की कीमत काफी अहम होती है। 2027 में भारत के दौरे के बिना ईसीबी को इस कमाई का बड़ा हिस्सा गंवाना पड़ सकता है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड का सोनी पिक्चर्स के साथ छह साल का प्रसारण करार है, जिसकी कीमत 185 मिलियन पाउंड यानी करीब 2,323 करोड़ रुपये है। यह समझौता 2028 में समाप्त होगा और इसके बाद होने वाले नए करार से पहले के मुकाबले कम रकम मिलने की आशंका जताई जा रही है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने 2027 में सदस्य देशों को वितरित किए जाने वाले प्रसारण राजस्व का एक हिस्सा अपने पास रखने का फैसला किया है। इसका असर सभी 12 पूर्ण सदस्य देशों पर पड़ेगा। यह कदम 2028 से शुरू होने वाले नए व्यावसायिक चक्र में प्रसारण से होने वाली संभावित कम कमाई को ध्यान में रखकर उठाया गया है। ईसीबी इस फैसले के असर को कम करने के लिए आईसीसी से बातचीत कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड की कोशिश संभावित नुकसान को 50 मिलियन पाउंड से घटाकर करीब 35 मिलियन पाउंड यानी 439 करोड़ रुपये तक सीमित रखने की है, हालांकि आईसीसी कितनी रकम रोकेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। ईसीबी ने 2025 में 12.6 मिलियन पाउंड का मुनाफा दर्ज किया था, लेकिन 2027 के लिए उसके वित्तीय अनुमान पहले से ही चुनौतीपूर्ण थे। बोर्ड व्यावसायिक समझौतों और अन्य आयोजनों के जरिए अतिरिक्त कमाई के विकल्प तलाश रहा है। उसका वित्तीय वर्ष 31 जनवरी 2028 को समाप्त होगा, इसलिए आय बढ़ाने के लिए अभी कुछ समय बाकी है। इसका असर इंग्लैंड में घरेलू क्रिकेट पर भी पड़ सकता है। देश की 18 काउंटी टीमों में से 10 अपने ताजा प्रकाशित वित्तीय खातों में घाटा दर्ज कर चुकी हैं और इनमें से कई क्लब ईसीबी की आर्थिक सहायता पर निर्भर हैं। बोर्ड की आमदनी में बड़ी कमी आने पर इन टीमों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
टीम इंडिया के दौरे के बिना ईसीबी को 627 करोड़ का घाटा, एशेज भी नहीं बचा पाएगी
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के लिए साल 2027 आर्थिक लिहाज से बेहद मुश्किल साबित हो सकता है। बोर्ड को करीब 50 मिलियन पाउंड यानी 627 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। दिलचस्प बात यह है कि इस दौरान
NRI Post Hindi Desk · 15 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



