भारतीय बाजार में अपनी पहचान बनाने की तैयारी कर रही चीनी कार कंपनी चेरी के लिए वैश्विक बाजार से आई एक खबर चिंता का विषय बन गई है। दरअसल, मलेशिया में कंपनी की ओमोडा 5 कार का पिछला एक्सल बॉडी से अलग हो गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में सड़क पर कार दो टुकड़ों में बंटी नजर आ रही थी और उसका पिछला एक्सल अलग पड़ा था। घटना के दौरान राहगीर कार का वीडियो बनाते रहे और इस मामले ने कार की मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। यह घटना छह अक्टूबर को मलेशिया के जोहोर बाहरू में हुई थी, जब कार का पिछला सस्पेंशन असेंबली और पहिए गाड़ी की बॉडी से अलग हो गए थे। घटना के बाद मलेशिया के रोड ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने मामले में हस्तक्षेप किया और 11 अक्टूबर को ओमोडा 5 के लिए नए व्हीकल टाइम अप्रूवल को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया, जिसका मतलब है कि जांच पूरी होने तक इस मॉडल के नए रजिस्ट्रेशन पर रोक लगा दी गई। विभाग ने कंपनी को प्रभावित हो सकने वाली कारों की पहचान करने का निर्देश दिया और पार्ट नंबर, प्रोडक्शन बैच तथा व्हीकल आइडेंटिफिकेशन नंबर की जांच करने को कहा। तकनीकी जांच में कारों के प्रोडक्शन और असेंबली प्रोसेस के साथ क्वालिटी कंट्रोल सिस्टम, वेल्डिंग की गुणवत्ता और एक्सल पार्ट्स की सप्लाई करने वाली कंपनियों की भी समीक्षा की जा रही है। जांच शुरू होने के साथ ही कंपनी को 8,878 कारों को रिकॉल करने का फैसला लेना पड़ा और कंपनी संबंधित वाहनों की जांच करके जरूरत पड़ने पर दोषपूर्ण हिस्से मुफ्त में बदलेगी। अब चेरी के चेयरमैन और प्रेसिडेंट यिन टोंग्यू ने इस घटना को लेकर खुलकर माफी मांगी है। कार न्यूज चाइना के मुताबिक, 21 अक्टूबर को वर्ल्ड इंटेलिजेंट कनेक्टेड व्हीकल कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए यिन टोंग्यू ने मलेशिया में सामने आई वाहन की क्वालिटी से जुड़ी चिंताओं को स्वीकार किया और बताया कि इस मामले को लेकर मलेशिया के इन्वेस्टमेंट, बिजनेस और इंडस्ट्री मिनिस्टर से भी माफी मांगी गई है। उन्होंने कहा कि चीनी कंपनियां विदेशों में केवल जल्दी मुनाफा कमाने के लिए नहीं जा रही हैं, बल्कि वे वहां लंबे समय तक कारोबार करना चाहती हैं और उन्हें वहां के कानून, नियमों तथा व्यापार करने के तरीकों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने चीनी वाहन कंपनियों को सलाह दी कि विदेशी बाजारों में कारोबार बढ़ाते समय जल्द मुनाफा कमाने के बजाय ग्राहकों का भरोसा जीतने और लंबे समय तक टिके रहने पर ध्यान दें। गौरतलब है कि चेरी ऑटोमोबाइल अब भारत में अपनी पारी शुरू करने की योजना बना रही है और इसके लिए जेएसडब्ल्यू ग्रुप के साथ साझेदारी पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि चेरी की पहली गाड़ियों की एंट्री 2026 के अंत से लेकर 2027 के बीच शुरू हो सकती है, और अगर यह योजना तय समय के मुताबिक आगे बढ़ती है तो भारतीय कार बाजार में एक और मजबूत चीनी ऑटो ब्रांड की सीधी एंट्री देखने को मिलेगी, जहां बीवाईडी पहले से ही इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री कर रही है। इस घटना ने कंपनी की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं और यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि भारतीय बाजार में उतरने से पहले कंपनी ग्राहकों का भरोसा कैसे जीतती है।
टूटी कार मामले में चेयरमैन ने मांगी माफी, 8,878 कारें रिकॉल, भारत में एंट्री की तैयारी पर सवाल
भारतीय बाजार में अपनी पहचान बनाने की तैयारी कर रही चीनी कार कंपनी चेरी के लिए वैश्विक बाजार से आई एक खबर चिंता का विषय बन गई है। दरअसल, मलेशिया में कंपनी की ओमोडा 5 कार का पिछला एक्सल बॉडी से अलग हो ग
NRI Post Hindi Desk · 30 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




