मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मिसरोद इलाके में स्थित नवीन शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के बाहर सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब 11वीं कक्षा के गणित और जीव विज्ञान संकाय के दर्जनों छात्रों ने सड़क पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने एक महिला विज्ञान शिक्षिका पर फेल करने की धमकी देने, प्रोजेक्ट के नाम पर हर महीने पैसे ऐंठने, सीनियर छात्रों को लोहे के पाइप से पीटने तथा स्कूल में मजदूरी की तरह काम कराने के गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना है कि उन्होंने तीन अक्टूबर को ही प्रिंसिपल को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया कि स्कूल में आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग तथा अन्य सरकारी भर्ती परीक्षाओं के दौरान उनसे जबरन कर्मचारियों की तरह काम लिया जाता था और रविवार के दिन भी स्कूल बुलाकर बेंच लगवाई जाती थी, परिसर की सफाई कराई जाती थी तथा रोल नंबर लिखवाए जाते थे। मना करने पर छात्रों को फेल करने की धमकी दी जाती थी। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षिका कक्षा में मोबाइल चलाने में व्यस्त रहती थीं और प्रोजेक्ट कार्य के नाम पर हर महीने पैसे मांगती थीं तथा खुलेआम कहती थीं कि विज्ञान केवल वही पढ़े जो इसका खर्च उठा सकते हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही मिसरोद थाना प्रभारी विमलेश कुमार राय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रों तथा स्कूल प्रबंधन के बीच मध्यस्थता कराई। लगभग चार घंटे चली लंबी बातचीत के बाद छात्रों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया, जिसके बाद दोपहर करीब दो बजे छात्र अपनी-अपनी कक्षाओं में लौट गए। प्रदर्शन के दौरान बच्चों ने ठंडी चाय गर्म करो, बबीता मैम शर्म करो जैसे नारे लगाए। जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित शिक्षिका का तबादला दूसरे स्कूल में कर दिया गया है और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए नए भौतिकी शिक्षक की नियुक्ति कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षिका पर लगे सभी गंभीर आरोपों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दो दिनों के भीतर सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच पूरी कर आगे की कानूनी तथा प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर आरोपी शिक्षिका बबीता कुशवाहा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह गलत और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि वह 1999 से अध्यापन कार्य कर रही हैं और 2010 से इस स्कूल में पदस्थ हैं तथा भौतिकी विषय में बेहतर परीक्षा परिणाम लाने के लिए वह छात्रों के साथ थोड़ी सख्ती बरतती थीं। उन्होंने पास या फेल करने के बदले पैसे मांगने, वसूली करने और सफाई कराने जैसे सभी आरोपों का खंडन किया है। बता दें कि 1962 में स्थापित नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल में कुल 37 स्टाफ सदस्य हैं, जहां अब इस पूरे घटनाक्रम के बाद शिक्षा विभाग जांच में जुट गया है।
ठंडी चाय गर्म करो... भोपाल के स्कूल में छात्रों का हंगामा, शिक्षिका का तत्काल तबादला
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मिसरोद इलाके में स्थित नवीन शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के बाहर सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब 11वीं कक्षा के गणित और जीव विज्ञान संकाय के दर्जनों छात्रों ने सड़क प
NRI Post Hindi Desk · 50 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




