|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

डोभाल-वांग यी वार्ता: सीमा पर स्थायी तंत्र की कवायद, नए दौर की मेजबानी अब भारत करेगा

बीजिंग में संपन्न भारत-चीन विशेष प्रतिनिधि स्तर की 25वीं वार्ता ने द्विपक्षीय रिश्तों में एक नई दिशा का संकेत दिया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीनी विदेश मंत्री वांग यी के बीच हुई इस ब

NRI Post Hindi Desk · 85 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
डोभाल-वांग यी वार्ता: सीमा पर स्थायी तंत्र की कवायद, नए दौर की मेजबानी अब भारत करेगा
📷 NRI Post Hindi Desk

बीजिंग में संपन्न भारत-चीन विशेष प्रतिनिधि स्तर की 25वीं वार्ता ने द्विपक्षीय रिश्तों में एक नई दिशा का संकेत दिया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीनी विदेश मंत्री वांग यी के बीच हुई इस बैठक में सीमा प्रबंधन को लेकर ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी है। इस वार्ता का सबसे अहम निष्कर्ष सीमा विवाद के पूर्ण समाधान के बजाय एक स्थायी और दीर्घकालिक तंत्र की स्थापना को लेकर है, जिससे भविष्य में किसी भी तरह के टकराव को टाला जा सके। दोनों देशों ने संयुक्त विशेषज्ञ समूह और सीमा प्रबंधन कार्य समूह को सीमांकन के मोर्चे पर त्वरित प्रगति का लक्ष्य सौंपा है, साथ ही वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के बीच बातचीत के लिए दो नए बैठक स्थल बनाने और दो नई हॉटलाइन स्थापित करने का फैसला किया गया है। यह वार्ता अक्टूबर 2024 में एलएसी पर टकराव वाले बिंदुओं से सुरक्षा बलों की वापसी के समझौते और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच बनी सहमति की बुनियाद पर आगे बढ़ी है। हालांकि, इस वार्ता का वास्तविक महत्व किसी बड़ी उपलब्धि में नहीं, बल्कि आठ-सूत्रीय संयुक्त सहमति में निहित है, जो दोनों देशों की व्यापक स्थिरता प्रदान करने की मंशा को दर्शाती है। वर्ष 2005 के राजनीतिक मानदंडों और मार्गदर्शक सिद्धांतों वाले समझौते की पुष्टि करते हुए दोनों पक्षों ने सीमा मुद्दे के अंतिम समाधान के लिए अपनी निष्ठा दोहराई है। इस क्रम में कैलास मानसरोवर यात्रा की बहाली और चिह्नित दर्रों से सीमा व्यापार फिर से शुरू करने पर सहमति बनना दोनों देशों के बीच लोगों के संपर्क को पटरी पर लाने की तैयारी है। साझा नदियों पर विशेषज्ञ समूह की बैठक का निर्णय भी इस बात का संकेत है कि रणनीतिक असहमतियों के बावजूद दोनों पक्ष परस्पर हित के मुद्दों पर बातचीत के इच्छुक हैं। अब भारत 26वें दौर की वार्ता की मेजबानी करेगा, जिसमें इस सक्रियता के लिए संस्थागत आधार और मजबूत होने की उम्मीद है। भारत स्पष्ट है कि कूटनीतिक उम्मीदों के फेर में पड़कर वह अपनी रणनीतिक चौकसी में कोई ढिलाई नहीं बरतेगा। दोनों देशों द्वारा 'प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि साझीदार' होने पर बल देना रणनीतिक शब्दावली को नरम करने की जुगत है। हालांकि, अतीत को देखते हुए यह नहीं माना जा सकता कि इन प्रयासों से द्विपक्षीय संबंधों के मूलभूत स्वरूप में आमूलचूल परिवर्तन आएगा, लेकिन यह तय है कि नई संवाद व्यवस्था से स्थानीय झड़पों के बड़ा रूप लेने का जोखिम जरूर घटेगा। त्वरित प्रगति का जो दृष्टिकोण अपनाया गया है, वह जमीनी हकीकत को दर्शाता है कि सीमा विवाद का पूर्ण समाधान फिलहाल संभव नहीं है, लिहाजा क्रमबद्ध समझौतों से ही विश्वास कायम किया जा सकता है। दोनों देशों के बीच बनी इस सहमति का समय भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह शंघाई सहयोग संगठन और ब्रिक्स जैसे मंचों पर दोनों देशों की सक्रियता के बीच कूटनीतिक स्थिरता प्रदान करता है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!