उत्तराखंड के चमोली जिले में तमक नाले में 10 अगस्त की शाम आई अचानक बाढ़ की असली वजह का खुलासा हुआ है। दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद हिमालयन रिसर्च एंड स्टडी सेंटर के प्रो. देवी दत्त चौनियाल के अध्ययन में बताया गया है कि इस विनाशकारी बाढ़ के लिए सिर्फ तेज मानसूनी बारिश ही जिम्मेदार नहीं है, बल्कि क्षेत्र की बेहद खड़ी भू-आकृति, धारा का असाधारण ढाल, संकरी घाटी और जमा पहाड़ी मलबे ने भी अहम भूमिका निभाई है। अध्ययन के अनुसार, 10 अगस्त को शाम करीब पांच बजे धौली गंगा की सहायक धारा वौटी गधेरा में अचानक बाढ़ आई, जो करीब नौ किलोमीटर लंबी है और लगभग 23 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का पानी समेटती है। यह धारा करीब 5782 मीटर की ऊंचाई से निकलती है और तमक के पास लगभग 2400 मीटर की ऊंचाई पर धौली नदी में मिलती है। इसका मतलब है कि महज नौ किलोमीटर में पानी को करीब 3300 मीटर की ऊंचाई का अंतर तय करना पड़ता है, जिससे औसत ढलान करीब 376 मीटर प्रति किलोमीटर बनती है। इतनी अधिक ढलान के कारण तेज बारिश के दौरान पानी का बहाव बेहद तीव्र गति से नीचे की ओर बढ़ सकता है। इसके अलावा, वौटी गधेरा के निचले हिस्से में करीब तीन किलोमीटर तक धारा एक संकरी घाटी से होकर गुजरती है, जिसकी असममित बनावट और सीमित प्रवाह मार्ग के कारण अचानक बढ़ने वाला पानी फैलने के बजाय केंद्रित होकर और अधिक तेजी से आगे बढ़ सकता है। अध्ययन में यह भी पाया गया कि धारा के ऊपरी और मध्य हिस्से में पुराने हिमनदों से जुड़ी सामग्री के साथ-साथ भू-स्खलन, चट्टान गिरने और स्क्री तथा टैलस का मलबा मौजूद है, जो तेज बारिश में धारा में मिलकर बाढ़ को और अधिक विनाशकारी बना सकता है। प्रो. चौनियाल के अध्ययन का निष्कर्ष है कि तमक की घटना मौसम, भू-आकृति और भू-विज्ञान के कई कारकों के संयुक्त प्रभाव का परिणाम है, जहां छोटे जलग्रहण क्षेत्र, अत्यधिक ढलान, संकरी घाटी और ढीले मलबे की मौजूदगी के कारण कम समय में हुई भारी बारिश अचानक तेज और विनाशकारी बाढ़ में बदल सकती है। इस अध्ययन से साफ है कि भविष्य में ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव कार्यों की पहले से योजना बनाना आवश्यक है, साथ ही भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण और पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत करने की जरूरत है।
तमक त्रासदी का खुलासा: अकेली बारिश नहीं, पहाड़ों की खड़ी चट्टानें और संकरी घाटी भी बड़ा कारण, दून विश्वविद्यालय के अध्ययन ने उठाया पर्दा
उत्तराखंड के चमोली जिले में तमक नाले में 10 अगस्त की शाम आई अचानक बाढ़ की असली वजह का खुलासा हुआ है। दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद हिमालयन रिसर्च एंड स्टडी सेंटर के प्रो. देवी दत्त चौनियाल के अध्ययन
NRI Post Hindi Desk · 103 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


