|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

तमिलनाडु की सियासत में भूचाल: पीएम पद की दावेदारी पर कांग्रेस-टीवीके में ठनी, 9 सितंबर की बैठक तय

तमिलनाडु की राजनीति में इन दिनों भूचाल जैसा माहौल है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को लेकर उनके समर्थकों की ओर से प्रधानमंत्री पद की दावेदारी किए जाने से उनकी ही सहयोगी पार्टी कांग्रेस बेहद असहज हो गई ह

NRI Post Hindi Desk · 81 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
तमिलनाडु की सियासत में भूचाल: पीएम पद की दावेदारी पर कांग्रेस-टीवीके में ठनी, 9 सितंबर की बैठक तय
📷 NRI Post Hindi Desk

तमिलनाडु की राजनीति में इन दिनों भूचाल जैसा माहौल है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को लेकर उनके समर्थकों की ओर से प्रधानमंत्री पद की दावेदारी किए जाने से उनकी ही सहयोगी पार्टी कांग्रेस बेहद असहज हो गई है। इसी बीच, विजय की पार्टी ने 9 सितंबर को अपने सभी सहयोगी दलों के साथ एक अहम बैठक बुलाई है, जिसमें वामपंथी दल और अन्य घटक दल शामिल होंगे। हालांकि, इस बैठक में गठबंधन के सबसे बड़े सहयोगी कांग्रेस को आमंत्रित किए जाने की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह बैठक ऐसे समय पर हो रही है, जब 2029 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष का चेहरा कौन होगा, इसे लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद खुलकर सामने आ चुके हैं। कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री पद के लिए उसकी पहली और आखिरी पसंद राहुल गांधी ही हैं, जबकि टीवीके के कई नवनिर्वाचित विधायकों ने सार्वजनिक मंचों से विजय को इस पद के लिए आगे बढ़ाने की वकालत की है। तमिलनाडु की सियासत में यह नया विवाद तब शुरू हुआ जब पार्टी के कई विधायकों ने सार्वजनिक तौर पर मुख्यमंत्री विजय को 2029 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष का प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनाने की मांग उठाई। पार्टी की एक विधायक कनिमोझी ने तो यहां तक दावा कर दिया कि देश का अगला प्रधानमंत्री तय करने का फैसला दिल्ली में नहीं, बल्कि तमिलनाडु में होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अंततः विजय की उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे, जैसे उन्होंने मुख्यमंत्री बनने में मदद की थी। विधायक आई. ताहिरा और मंत्री आर. निर्मल कुमार समेत कई अन्य नेताओं ने भी विजय के राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका का समर्थन किया है। इन बयानों ने गठबंधन में जहां घमासान मचा दिया है, वहीं कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि उसके लिए प्रधानमंत्री पद का चेहरा केवल राहुल गांधी हो सकते हैं। कांग्रेस विधायक दल की नेता थरहाई कथबर्ट ने इन दावों को कुछ नौसिखिए विधायकों की फैन मानसिकता करार दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने इसे ध्यान भटकाने की रणनीति बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का चुनाव फैसला अंततः जनता ही करेगी। विजय की सरकार कांग्रेस, वाम दलों, वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन पर टिकी है। कांग्रेस के पास राज्य सरकार में पांच विधायक और दो मंत्री हैं। टीवीके के पास अपना बहुमत नहीं होने के कारण कांग्रेस के साथ लंबा टकराव सरकार की स्थिरता के लिए बड़ा संकट पैदा कर सकता है। गौरतलब है कि टीवीके औपचारिक रूप से इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है, लेकिन राज्य में वह कांग्रेस के साथ मिलकर शासन चला रही है। ऐसे में दोनों दलों के लिए एक तरफ राज्य में साझेदारी बनाए रखना और दूसरी तरफ राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष के नेतृत्व को लेकर अलग रुख अपनाना एक चुनौती है। विजय और राहुल गांधी को लेकर आए इन परस्पर विरोधी बयानों ने गठबंधन के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि 9 सितंबर की इस बैठक में पार्टी कांग्रेस को लेकर अपनी आगे की रणनीति तय करेगी। सियासी गलियारों में यह चर्चा भी गर्म है कि कहीं यह तल्खी आगामी चुनावों से पहले इस राज्य स्तरीय गठबंधन की नींव को कमजोर तो नहीं कर देगी। यह बैठक साफ कर देगी कि विजय अपनी सरकार की स्थिरता को प्राथमिकता देंगे या अपनी राष्ट्रीय महत्वाकांक्षाओं को। फिलहाल पूरे तमिलनाडु की निगाहें इस बैठक पर टिकी हैं।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!