भारत के करोड़ों घरों में अब शाम की चाय के साथ सिर्फ हिंदी सीरियल या बॉलीवुड फिल्में नहीं चलतीं, बल्कि कोरियन ड्रामा की गूंज सुनाई देती है। 'सास भी कभी बहू थी', 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' और 'कहानी घर-घर की' जैसे धारावाहिकों को देखने वाला भारतीय दर्शक पिछले कुछ साल में इंटरनेशनल हो गया है। इंटरनेट की क्रांति और ओटीटी की आदत ने सब कुछ बदल डाला है। पहले हॉलीवुड का क्रेज़ आया, अंग्रेजी फिल्में हिन्दी में डब होकर लोकप्रिय हुईं और अब बारी पूरब की है। अब भारत में कोरियन सिनेमा के दीवाने हैं और यह दीवानगी नई पीढ़ी से लेकर पुरानी पीढ़ी तक हर किसी को अपनी चपेट में ले रही है। भारत में कोरियन कंटेंट की जड़ें कोविड-19 से काफी पहले ही जमनी शुरू हो गई थीं, जब साल 2000 के दशक में दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले ऐतिहासिक ड्रामा 'हूर जून' ने खासतौर पर पूर्वोत्तर भारत में लाखों दर्शकों को अपना दीवाना बनाया था। लेकिन असली विस्फोट 2020 के लॉकडाउन के दौरान हुआ, जब घरों में कैद युवाओं ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सबटाइटल्स के साथ कोरियन कहानियां देखीं और 'क्रैश लैंडिंग ऑन यू' तथा 'स्क्विड गेम' ने भाषा की दीवारों को तोड़ दिया। अकेले 'स्क्विड गेम' को भारत में इसके तीनों सीजन मिलाकर 2 करोड़ से ज्यादा यूनिक दर्शकों ने देखा है। कमाल ये भी है कि कोरियन ड्रामा देखने में भारतीय दर्शक अब इतना प्रो हो चुके हैं कि उन्हें सबटाइटल्स की भी ज़रूरत नहीं है और अगर सबटाइटल्स हैं, तो वो सिर्फ हिन्दी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रीजनल भाषाओं में भी आ गए हैं। अमेजन प्राइम वीडियो इंडिया ने दक्षिण कोरिया के सबसे बड़े स्टूडियो सीजे ईएनएम के साथ मिलकर 100 से ज्यादा कोरियन टाइटल भारत में लाने का समझौता किया है और ये शो अब तमिल और तेलुगु में भी डब होकर आ रहे हैं। मीडिया कंसल्टिंग फर्म ऑरमैक्स मीडिया की 2026 की ओटीटी ऑडियंस रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि भारत में कोरियन ड्रामा देखने वालों की संख्या में सिर्फ एक साल के भीतर 48 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल आया है और 2026 में यह संख्या करीब 10.78 करोड़ तक पहुंच गई है, यानी हर महीने लगभग 11 करोड़ भारतीय कम से कम एक कोरियन ड्रामा जरूर देख रहे हैं। इन कुल दर्शकों में 60 प्रतिशत महिलाएं हैं, जिनमें जेन-जी की संख्या सबसे ज्यादा है, जबकि 58 प्रतिशत दर्शक बिना पैसे दिए ये शो देखते हैं और 45 प्रतिशत दर्शक इन्हें टीवी पर परिवार के साथ देखना पसंद कर रहे हैं। इसका असर अब रोजमर्रा की जिंदगी पर भी दिख रहा है, क्योंकि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु से लेकर जयपुर और लखनऊ जैसे शहरों के कैफे मेन्यू में रेमन, किमची, बिबिम्बाप, टोकबोक्की और कॉर्न डॉग्स आम हो चुके हैं तथा भारतीय बाजार में कोरियन नूडल्स की बिक्री में रिकॉर्ड तोड़ इजाफा हुआ है। इसी तरह के-ब्यूटी एक अलग कैटेगरी बन चुकी है, जहां 10-स्टेप स्किनकेयर रूटीन, शीट मास्क और बीबी क्रीम हर दूसरी शहरी लड़की की ड्रेसिंग टेबल का हिस्सा हैं, जबकि ओवरसाइज्ड स्वेटशर्ट्स, पेस्टल रंग के कपड़े और ट्रेंच कोट का चलन सीधे कोरियन ड्रामा से निकलकर भारतीय कॉलेज कैंपस तक पहुंचा है। कोरियन कल्चरल सेंटर इंडिया की रिपोर्ट बताती है कि भारत में कोरियन भाषा सीखने वालों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिसकी सबसे बड़ी वजह के-ड्रामा और के-पॉप हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक भारतीय युवाओं का इन कहानियों से जुड़ाव पारिवारिक मूल्य और सांस्कृतिक समानता, सीमित एपिसोड और कसी हुई कहानी, भावनाओं की बारीकी और धीमे-धीमे पनपने वाले रोमांस, बेहतरीन सिनेमैटोग्राफी और संगीत तथा महिला दर्शकों के इर्द-गिर्द बुनी गई कहानी जैसे कारणों से हो रहा है।
'तारक मेहता' देखने वाले भारतीयों को कैसे लगा कोरियन ड्रामा का चस्का, जानिए पूरी कहानी
भारत के करोड़ों घरों में अब शाम की चाय के साथ सिर्फ हिंदी सीरियल या बॉलीवुड फिल्में नहीं चलतीं, बल्कि कोरियन ड्रामा की गूंज सुनाई देती है। 'सास भी कभी बहू थी', 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' और 'कहानी घर
NRI Post Hindi Desk · 3 घंटे पहले · अपडेट 3 घंटे पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 मनोरंजन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



