त्योहारी सीजन में एक बड़ा संकट सामने मंडरा रहा है और ये रसोई गैस यानी एलपीजी से जुड़ा हुआ है। दरअसल, एलपीजी वितरकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया था और ये प्रस्तावित हड़ताल 26 अक्टूबर से होने वाली है। त्योहारों पर आम उपभोक्ताओं को गैस की समस्या न हो, इसके लिए एलपीजी वितरकों की संस्था फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया यानी एफएलडीआई ने दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन का विरोध करते हुए गैस वितरकों से सप्लाई बनाए रखने की अपील की है। गौरतलब है कि डीलर्स मुख्य रूप से डिलीवरी कमीशन बढ़ाने और ई-केवाईसी चार्ज देने की डिमांड कर रहे हैं। एलपीजी गैस वितरकों की संस्था फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया ने दिल्ली में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल का विरोध किया है। संस्था के मुताबिक, वह प्रस्तावित हड़ताल का समर्थन नहीं करती है और वितरकों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए सार्थक बातचीत, ठोस फैसलों और निरंतर प्रयासों के पक्ष में है। एफएलडीआई ने कहा है कि सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों और पेट्रोलियम मंत्रालय के साथ उनकी सकारात्मक बातचीत जारी है। एलपीजी वितरकों की सभी चिंताओं और मांगों को सुना भी जा रहा है और संस्था को जल्द ही समाधान निकालने का आश्वासन भी मिला है। संगठन का मानना है कि बातचीत और निर्णायक कदमों के जरिए समाधान निकाला जा सकता है। एलपीजी वितरकों की संस्था ने साफ कहा है कि उपभोक्ताओं को बिना किसी रुकावट के रसोई गैस सिलेंडर की सर्विस पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। तेल मार्केटिंग कंपनियों और मंत्रालय के साथ बातचीत में समाधान का भरोसा दिया गया है, ऐसे में बातचीत के सभी रास्ते आजमाए बिना विरोध-प्रदर्शन का सहारा लेना व्यावहारिक नहीं है। संस्था ने सभी साथी वितरकों से अपील करते हुए कहा है कि वे बिना पुष्टि वाले विरोध-प्रदर्शन के आह्वानों को नजरअंदाज करें और अपनी आपूर्ति व डिलीवरी का काम जारी रखें, ताकि किसी भी परिवार को कोई परेशानी न हो। फिलहाल देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों पर नजर डालें, तो 14 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर दिल्ली में 942 रुपये का, कोलकाता में 968 रुपये का मिल रहा है, जबकि मुंबई में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 941.50 रुपये और चेन्नई में इसकी कीमत अभी 957.50 रुपये है।
त्योहारों से पहले एलपीजी संकट? वितरकों की हड़ताल के बीच एफएलडीआई की बड़ी अपील
त्योहारी सीजन में एक बड़ा संकट सामने मंडरा रहा है और ये रसोई गैस यानी एलपीजी से जुड़ा हुआ है। दरअसल, एलपीजी वितरकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया थ
NRI Post Hindi Desk · 30 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




