उत्तर प्रदेश के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से शनिवार देर रात जारी आदेश के अनुसार, उनकी नियुक्ति उस तारीख से प्रभावी होगी जिस दिन वे पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब 62 वर्षीय दिनेश शर्मा फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं और उनका कार्यकाल नवंबर 2026 तक था। राज्यसभा का पूरा कार्यकाल समाप्त होने से पहले उन्हें यह संवैधानिक जिम्मेदारी दिया जाना राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिनेश शर्मा का उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबा और समृद्ध अनुभव रहा है, वे 2017 से 2022 के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में उप-मुख्यमंत्री रहे थे। इस दौरान उनके पास माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी थी। राजनीति में प्रवेश से पहले वे लखनऊ विश्वविद्यालय में वाणिज्य विभाग में प्रोफेसर रहे और दो बार लखनऊ के महापौर भी चुने गए। वर्ष 2008 में पहली बार महापौर बनने के बाद 2012 में उन्होंने पुनः यह पद संभाला, जिसके बाद संगठन में उनका कद लगातार बढ़ता गया। 2014 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया और वे पार्टी के गुजरात प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। साल 2023 में उन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित किया गया था। यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष यानी 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए इस फैसले को केवल प्रशासनिक परिवर्तन नहीं बल्कि व्यापक राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। दिनेश शर्मा ब्राह्मण समुदाय से आते हैं और उत्तर प्रदेश में पार्टी के भीतर वे लंबे समय से इस समुदाय के प्रमुख चेहरों में गिने जाते रहे हैं। पार्टी ने हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश के संगठन में बड़े बदलाव किए हैं, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में प्रदेश से आठ नेताओं को स्थान दिया गया है। यह भी देखा गया कि पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है, जो ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा सवर्ण आधार को मजबूत करने के साथ सामाजिक समीकरणों का संतुलन बनाने का प्रयास कर रही है। डॉ. शर्मा का विश्वविद्यालय, संगठन, राज्य सरकार और संसद चारों स्तरों पर अनुभव होना उनकी नई भूमिका को और अधिक सार्थक बनाता है।
दिनेश शर्मा को अंडमान-निकोबार का उपराज्यपाल नियुक्त, राज्यसभा से पहले ही मिली नई जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से शनिवार देर रात ज
NRI Post Hindi Desk · 80 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





