|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
खेल

दोनों पारियों में विकेट, एक भी रन नहीं: भारतीय गेंदबाज मानव सुथार ने 131 साल बाद रचा इतिहास

काउंटी चैम्पियनशिप के एक मुकाबले में भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वर्षों से देखने को नहीं मिला था। वॉरविकशायर की ओर से खेलते हुए सुथार ने

NRI Post Hindi Desk · 74 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
दोनों पारियों में विकेट, एक भी रन नहीं: भारतीय गेंदबाज मानव सुथार ने 131 साल बाद रचा इतिहास
📷 NRI Post Hindi Desk

काउंटी चैम्पियनशिप के एक मुकाबले में भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वर्षों से देखने को नहीं मिला था। वॉरविकशायर की ओर से खेलते हुए सुथार ने ग्लेमॉर्गन के खिलाफ मैच की दोनों पारियों में विकेट हासिल किए, लेकिन एक भी रन खर्च नहीं किया। इस असाधारण प्रदर्शन के साथ उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास में दर्ज एक बेहद खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में वॉरविकशायर ने ग्लेमॉर्गन को पारी और 257 रनों से करारी शिकस्त दी। वॉरविकशायर ने पहली पारी में 391 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में ग्लेमॉर्गन की टीम दोनों पारियों में क्रमश: 69 और 65 रनों पर ढेर हो गई। मानव सुथार ने पहली पारी में सिर्फ तीन गेंदें फेंकी और नंबर-11 बल्लेबाज मीर हमजा को बोल्ड कर दिया। दूसरी पारी में उन्हें 24वें ओवर में गेंद थमाई गई। उन्होंने आते ही मेडन ओवर किया और अपने अगले ओवर में विकेटकीपर क्रिस कुक के अलावा जेमी मैकइलरॉय को चार गेंदों के अंदर बोल्ड कर दिया। इस तरह सुथार ने मैच में तीन विकेट लिए और उनके खिलाफ एक भी रन नहीं बना। उनके तीनों विकेट बोल्ड के जरिए आए। मानव सुथार की उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास में ऐसा सिर्फ दूसरी बार हुआ, जब किसी गेंदबाज ने एक ही मैच की दोनों पारियों में कम से कम एक विकेट लिया और एक भी रन नहीं दिया। इससे पहले इंग्लैंड के टॉम हेवर्ड ने 1895 में लीसेस्टरशायर की ओर से सरे के खिलाफ द ओवल में यह उपलब्धि हासिल की थी। हेवर्ड ने दोनों पारियों में कुल छह गेंदों के अंदर तीन विकेट झटके थे। अब सुथार ने 131 साल बाद इस दुर्लभ रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। 26 वर्षीय मानव सुथार के लिए यह उपलब्धि उनके करियर का एक बड़ा अध्याय है। अफगानिस्तान के खिलाफ डेब्यू टेस्ट मैच में उन्होंने सात विकेट हासिल किए थे, जिसमें पारी में छह विकेट हॉल का प्रदर्शन भी शामिल था। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भी सुथार ने अपनी गेंदबाजी से प्रभाव छोड़ा और 16 विकेट अपने नाम किए। भारत ने यह सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी। मानव सुथार का यह प्रदर्शन ऐसे समय आया है, जब वॉरविकशायर की टीम मौजूदा काउंटी चैम्पियनशिप में खिताब की मजबूत दावेदार बनी हुई है। टीम 12 मैचों में 184 अंकों के साथ डिवीजन-1 में शीर्ष पर है। वॉरविकशायर दूसरे स्थान पर मौजूद समरसेट से 11 अंक आगे है। वॉरविकशायर को अब एसेक्स और लीसेस्टरशायर के खिलाफ अपने आखिरी दो मुकाबले खेलने हैं। इस जीत के साथ टीम का खिताबी अभियान और मजबूत हो गया है, और सुथार की यह गेंदबाजी टीम के लिए आगे के मुकाबलों में बड़ा भरोसा देने वाली साबित हो सकती है।

🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!