|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

दुबई में बिहार सरकार ने किया बड़ा समझौता, राज्य में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क, ईबीआईए ने भागलपुर को दिलाई प्राथमिकता

दुबई में आयोजित एआईएम कांग्रेस 2026 के दौरान बिहार सरकार के उद्योग विभाग और एआईएम ग्लोबल फाउंडेशन के बीच बिहार में एक समर्पित खाद्य प्रसंस्करण पार्क स्थापित करने को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

NRI Post Hindi Desk · 73 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
दुबई में बिहार सरकार ने किया बड़ा समझौता, राज्य में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क, ईबीआईए ने भागलपुर को दिलाई प्राथमिकता
📷 NRI Post Hindi Desk

दुबई में आयोजित एआईएम कांग्रेस 2026 के दौरान बिहार सरकार के उद्योग विभाग और एआईएम ग्लोबल फाउंडेशन के बीच बिहार में एक समर्पित खाद्य प्रसंस्करण पार्क स्थापित करने को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस कार्यक्रम में बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह शामिल हुईं। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य बिहार की कृषि एवं बागवानी उपज में मूल्यवर्धन करते हुए प्रसंस्करण, पैकेजिंग, भंडारण और निर्यात को बढ़ावा देना तथा देश-विदेश से निवेश आकर्षित करना है। इस पहल का स्वागत करते हुए ईस्टर्न बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने प्रस्तावित फूड प्रोसेसिंग पार्क के लिए भागलपुर को प्रमुख संभावित स्थल के रूप में प्राथमिकता देने की मांग की है। ईबीआईए अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह को ट्वीट के माध्यम से तथा मेल भेजकर भागलपुर में फूड प्रोसेसिंग पार्क स्थापित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि भागलपुर और आसपास का क्षेत्र कृषि एवं बागवानी उत्पादन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां मक्का, केला, आम, लीची, सब्जियों सहित विभिन्न कृषि उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता है। ऐसे में बड़े पैमाने पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग विकसित करने के लिए भागलपुर में मजबूत आधार मौजूद है। ईबीआईए के उपाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण पार्क बनने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा उद्यमिता के अवसर बढ़ेंगे। कृषि उपज का स्थानीय स्तर पर ही प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन होने से किसानों को अपनी उपज दूसरे राज्यों के बाजारों तक भेजने की निर्भरता भी कम होगी। महासचिव अमर्त्य बंधुल ने कहा कि भागलपुर की रेल और सड़क संपर्क व्यवस्था इसके पक्ष में महत्वपूर्ण है, क्योंकि पूर्वी बिहार और झारखंड के प्रमुख कृषि क्षेत्रों से इसकी निकटता है। इसके अलावा गंगा नदी के कारण यहां परिवहन और लॉजिस्टिक की भी संभावनाएं हैं, जिन्हें देखते हुए भागलपुर को खाद्य प्रसंस्करण और वितरण केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। ईबीआईए के पीआरओ सुमित जैन ने कहा कि भागलपुर में फूड प्रोसेसिंग पार्क स्थापित होने पर शीत भंडारण, आधुनिक गोदाम, खाद्य गुणवत्ता जांच प्रयोगशाला, पैकेजिंग, परिवहन और निर्यात जैसी सुविधाओं को एकीकृत किया जा सकता है, जिससे बिहार के कृषि उत्पादों को सीधे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने में मदद मिलेगी। संगठन ने बिहार सरकार से आग्रह किया है कि प्रस्तावित पार्क के स्थान चयन की प्रक्रिया में भागलपुर को प्राथमिकता से शामिल किया जाए और इसके लिए विस्तृत व्यवहार्यता अध्ययन कराया जाए। ईबीआईए का मानना है कि भागलपुर में पार्क स्थापित होने से पूर्वी बिहार में कृषि आधारित औद्योगिकीकरण को गति मिलेगी और स्थानीय किसानों, छोटे एवं मध्यम उद्यमों तथा नए उद्यमियों के लिए बड़े पैमाने पर अवसर पैदा होंगे। ईबीआईए ने सुझाव दिया है कि परियोजना को खेत से वैश्विक बाजार तक की अवधारणा पर विकसित किया जाए, जिसमें स्थानीय कृषि उपज का प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन, पैकेजिंग, भंडारण और निर्यात एक ही समेकित व्यवस्था के माध्यम से किया जा सके। संगठन का कहना है कि इससे बिहार के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की मजबूत व्यवस्था तैयार होगी। ज्ञात हो कि भागलपुर जिले के कहलगांव स्थित बियाडा परिसर में पूर्व में भी फूड पार्क प्रस्तावित किया गया था, हालांकि जमीन विवाद के कारण यह योजना फलीभूत नहीं हो सकी, ऐसे में ईबीआईए ने नए प्रस्तावित खाद्य प्रसंस्करण पार्क के लिए भागलपुर पर फिर से गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया है।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!