नई दिल्ली। दिल्ली में गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत तैयार की गई नई ड्राफ्ट मतदाता सूची से 47 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कट गए हैं। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 1,45,10,299 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें से 47,56,722 मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हो गए हैं। ऐसे सभी मतदाताओं को अपना नाम दोबारा सूची में शामिल कराने के लिए 30 सितंबर तक दावा दाखिल करने का मौका दिया गया है। इसके अलावा लगभग 33 लाख मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिनमें अब तक 31,63,930 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। इन मतदाताओं के लिए 20 सितंबर और 27 सितंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां वे वैध दस्तावेजों के साथ फार्म जमा करके अपना नाम सूची में जुड़वा सकते हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, नोटिस दो प्रकार के भेजे जा रहे हैं। पहली श्रेणी में वे लोग शामिल हैं जिन्होंने पिछले एसआईआर से स्वयं को मैप नहीं किया है, जबकि दूसरी श्रेणी में वे लोग हैं जिन्होंने मैपिंग तो की है, लेकिन उनके नाम, जन्मतिथि या अन्य जानकारी में विसंगति है। ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम और जन्मतिथि संबंधी विसंगतियों वाले निवासियों की सूची आनलाइन प्रकाशित कर दी गई है। नोटिस मिलने वाले मतदाताओं को निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी या सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के पास दस्तावेज जमा करने को कहा गया है। यदि नोटिस में बताए गए दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, तो मतदाता उससे संबंधित कोई अन्य दस्तावेज भी जमा कर सकते हैं, जिस पर निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी अंतिम निर्णय लेंगे। इसी तरह, सत्यापन फार्म जमा न करने या अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक और डुप्लीकेट के रूप में चिह्नित होने के कारण जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हैं, वे दावे और आपत्ति से संबंधित फार्म 30 सितंबर तक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, बूथ स्तरीय अधिकारी और मतदान केंद्रों पर भौतिक रूप से या आनलाइन जमा कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि चांदनी चौक में बेला स्टेट सहित अन्य स्थानों पर, जहां से सामूहिक रूप से मतदाता स्थानांतरित हो गए हैं, विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बेघर लोगों के लिए रेन बसेरों में भी शिविर लगाए जा रहे हैं। दावा और आपत्ति प्रक्रिया के तहत सुनवाई चल रही है, इसलिए मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं। मतदाताओं से अपील की गई है कि नोटिस आने पर वे घबराएं नहीं, बल्कि निर्धारित समय सीमा के भीतर वैध दस्तावेजों के साथ दावा दाखिल करके अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं।
दिल्ली एसआईआर: ड्राफ्ट मतदाता सूची से 47 लाख नाम गायब, 30 सितंबर तक नाम जुड़वाने का मौका
नई दिल्ली। दिल्ली में गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत तैयार की गई नई ड्राफ्ट मतदाता सूची से 47 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कट गए हैं। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने प्रेसवार्ता में बताय
NRI Post Hindi Desk · 66 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




