|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

दिल्ली की तस्वीर बदलने की तैयारी, मास्टर प्लान-2047 पर विशेषज्ञों से मंथन

दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी डीडीए ने दिल्ली मास्टर प्लान-2047 के क्रियान्वयन की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। डीडीए ने वास्तुकारों, नगर नियोजकों और अन्य विशेषज्ञों के साथ छठे और सातवें दौर की चर्चा की

NRI Post Hindi Desk · 67 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
दिल्ली की तस्वीर बदलने की तैयारी, मास्टर प्लान-2047 पर विशेषज्ञों से मंथन
📷 NRI Post Hindi Desk

दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी डीडीए ने दिल्ली मास्टर प्लान-2047 के क्रियान्वयन की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। डीडीए ने वास्तुकारों, नगर नियोजकों और अन्य विशेषज्ञों के साथ छठे और सातवें दौर की चर्चा की। इन बैठकों में राजधानी में बढ़ती पार्किंग और यातायात की समस्या, पुराने इलाकों के पुनर्विकास, जमीन के बेहतर इस्तेमाल और झुग्गी बस्तियों के उसी स्थान पर पुनर्विकास से जुड़े प्रविधानों पर विशेषज्ञों से सुझाव लिए गए। डीडीए ने विशेषज्ञों को मास्टर प्लान में प्रस्तावित विकास नीतियों और उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में सार्वजनिक परिवहन आधारित विकास, जमीन को एकत्र कर नियोजित विकास, अधिक घनत्व वाले गलियारे और कम घनत्व वाले क्षेत्र से जुड़े प्रविधानों को विस्तार से समझाया गया। जमीन एकत्रीकरण नीति के तहत अलग-अलग मालिकों की जमीन को एक साथ लेकर नियोजित विकास करने की व्यवस्था पर चर्चा हुई, जिसमें नई सड़कों और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाओं का नेटवर्क विकसित किया जाएगा। सार्वजनिक परिवहन आधारित विकास के तहत बस और मेट्रो जैसे परिवहन साधनों के आसपास अधिक नियोजित विकास का प्रविधान है। बैठक में किफायती आवास वाले क्षेत्रों तथा शहरी विस्तार मार्ग-2 के दोनों ओर अधिक घनत्व वाले गलियारे विकसित करने की योजना पर भी जानकारी दी गई। इसके अलावा कम घनत्व वाले क्षेत्रों और पहले से विकसित आवासीय, वाणिज्यिक तथा औद्योगिक इलाकों के पुनर्विकास से संबंधित नियमों पर चर्चा हुई। मास्टर प्लान में यमुना और उसके बाढ़ क्षेत्र से जुड़े ओ-जोन के प्रविधानों पर भी विशेषज्ञों को जानकारी दी गई, जिसमें यमुना और बाढ़ क्षेत्र के पुनर्जीवन से जुड़े नियोजन पहलुओं पर बात हुई। साथ ही ऐतिहासिक इमारतों और स्थलों के संरक्षण, व्यापक यातायात योजना तथा हस्तांतरणीय विकास अधिकार से संबंधित प्रविधान भी बैठक के एजेंडे में रहे। बैठक में झुग्गी बस्तियों के उसी स्थान पर पुनर्विकास और पुनर्वास से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। डीडीए ने निर्माण नियंत्रण नियमों को तर्कसंगत बनाने के लिए किए जा रहे बदलावों की जानकारी दी, जिसमें जमीन के इस्तेमाल से जुड़े प्रविधानों को सरल बनाने और एक ही क्षेत्र में अलग-अलग तरह की गतिविधियों की अनुमति को अधिक लचीला बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास शामिल हैं। डीडीए के मुताबिक इसका उद्देश्य विकास परियोजनाओं को सुविधाजनक बनाना और कारोबार में आसानी बढ़ाना है। बैठक में विशेषज्ञों ने दिल्ली की पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पुनर्विकास परियोजनाओं से जुड़े सुझाव भी दिए। छठे दौर की बैठक में एनबीसीसी, वास्तुकला परिषद, स्कूल आफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, भारतीय नगर नियोजक संस्थान, दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के प्रतिनिधि शामिल हुए, जबकि सातवें दौर में डीडीए के अभियंता, वास्तुकार और नगर नियोजक शामिल हुए। डीडीए के अनुसार एमपीडी-2047 को लेकर तीन महीने का हितधारक संवाद कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसके तहत करीब 20 बैठकें आयोजित की जानी हैं। इन बैठकों का उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों से सुझाव लेकर मास्टर प्लान के प्रावधानों को बेहतर ढंग से समझना और इसके क्रियान्वयन में अधिक से अधिक लोगों तथा संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!