विकसित दिल्ली के लक्ष्य को साकार करने के लिए दिल्ली मास्टर प्लान-2047 के तहत राजधानी के लगभग 200 वर्ग किलोमीटर शहरी विस्तार वाले क्षेत्रों में एकीकृत विकास को गति देने के लिए लैंड पूलिंग नीति को और मजबूत किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत लैंड पूलिंग क्षेत्र में लगभग 600 किलोमीटर लंबा नया सड़क नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जिससे आवास, रोजगार और बेहतर जन-सुविधाओं के नए द्वार खुलेंगे। इस नीति के तहत 30 मीटर और उससे अधिक चौड़ी सड़कों को विकास प्राधिकरण द्वारा अधिसूचित और विकसित किया जाएगा। इन क्षेत्रों में केवल आवासीय विकास ही नहीं, बल्कि बेहतर जीवन स्तर के लिए स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं, पार्क, हरित स्थान, व्यावसायिक केंद्र और अन्य सार्वजनिक आधारभूत ढांचा भी उपलब्ध कराया जाएगा। गौरतलब है कि दिल्ली में निजी स्वामित्व वाली भूमि के नियोजित और समावेशी विकास के लिए वर्ष 2018 में लैंड पूलिंग नीति अधिसूचित की गई थी। इस नीति में विकास प्राधिकरण एक सूत्रधार के रूप में कार्य कर रहा है, जबकि भूस्वामी स्वेच्छा से शहर-निर्माण की इस प्रक्रिया में सहभागी बन रहे हैं। मास्टर प्लान-2047 में जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन में तेजी लाने के लिए कई उपाय किए गए हैं, जिसमें भूस्वामियों द्वारा स्वेच्छा से आपस में भूमि एकत्र करने और उनके समूह के माध्यम से वैकल्पिक विकास मॉडल का प्रावधान शामिल है। इस नई व्यवस्था में 20 हेक्टेयर या उससे अधिक भूमि पर टाउन प्लानिंग की जा सकेगी। लैंड पूलिंग क्षेत्रों में उच्च सघनता वाला मिश्रित-उपयोग विकास प्रस्तावित किया गया है, जिसके अंतर्गत कारिडोर के साथ लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, व्यावसायिक व सांस्थानिक गतिविधियों और सस्ते आवास के एकीकृत मिश्रण की परिकल्पना की गई है। यह लैंड पूलिंग क्षेत्र छह योजना जोनों में फैला हुआ है और इसे कुल 138 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। विकास प्राधिकरण के अनुसार, इस नीति में भूस्वामियों की महत्वपूर्ण भागीदारी देखने को मिली है। जुलाई 2026 तक 7615 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं और 7885 हेक्टेयर से अधिक भूमि पंजीकृत या पूल की जा चुकी है। खास बात यह है कि 16 सेक्टरों में 70 प्रतिशत भूमि इस योजना में शामिल कर ली गई है और इन सेक्टरों के लिए कंसोर्टियम गठन के अंतिम नोटिस जारी कर दिए गए हैं। एक विशेष सेक्टर, जो गढ़ी खासरो और इब्राहिमपुर गांवों में आता है, 70 प्रतिशत पूल्ड भूमि प्राप्त करने के साथ नीति के तहत विकास के लिए प्रथम पात्र क्षेत्र के रूप में उभरा है, जबकि आठ और सेक्टरों के भूस्वामियों ने भी कंसोर्टियम गठन के संबंध में विकास प्राधिकरण को सूचित किया है।
दिल्ली की तस्वीर बदलने का महाप्लान: लैंड पूलिंग से बनेगा 600 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क, 200 वर्ग किमी में होगा सर्वांगीण विकास
विकसित दिल्ली के लक्ष्य को साकार करने के लिए दिल्ली मास्टर प्लान-2047 के तहत राजधानी के लगभग 200 वर्ग किलोमीटर शहरी विस्तार वाले क्षेत्रों में एकीकृत विकास को गति देने के लिए लैंड पूलिंग नीति को और मज
NRI Post Hindi Desk · 94 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




