दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में शुक्रवार दोपहर हुए भीषण इमारत हादसे ने पूरी राजधानी को हिलाकर रख दिया है। पेइंग गेस्ट (पीजी) के रूप में इस्तेमाल हो रही एक बहुमंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह धराशायी हो गई, जिसके मलबे में कई छात्रों समेत कई लोग दब गए। इस भयानक हादसे का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें इमारत के ठीक नीचे बैठा एक बुजुर्ग स्टॉल संचालक किसी तरह अपनी जान बचाकर भागता नजर आ रहा है, और उसके कुछ ही सेकंड बाद पूरी इमारत भरभराकर जमींदोज हो जाती है। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एम्स की ओर से जारी बयान के अनुसार, जेपीएन अपेक्स ट्रॉमा सेंटर में 10 घायलों को लाया गया था, जिनमें से 5 को मृत घोषित किया गया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल मरीज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एनडीआरएफ, कैट्स एम्बुलेंस और प्रशासनिक टीमें पहुंच गईं और बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पीसीआर कॉल मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ छात्रों को बाहर निकाला गया। जांच में सामने आया कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था, जिसके दौरान बिना सुरक्षा मानकों का ध्यान रखे पिलर और दीवारों से छेड़छाड़ की जा रही थी, जिससे पूरा ढांचा कमजोर हो गया। इसी संदर्भ में दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उसकी तलाश के लिए 10 टीमों का गठन किया गया है। फरार चल रहे आरोपी मालिक के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कर दिया गया है तथा दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में उसके ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू सहित कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने एम्स ट्रॉमा सेंटर जाकर घायलों का हालचाल भी जाना। इसी के साथ, घटनास्थल से महज कुछ ही दूरी पर स्थित अन्य हॉस्टलों में भी सुरक्षा नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते पाए जाने के बाद प्रशासन ने संबंधित इमारतों को खाली कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस इलाके में कई अवैध रूप से बनाई गई 4 से 5 मंजिला इमारतों में छात्रों से भारी किराया वसूला जा रहा है, जोकि नियमों के खिलाफ है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मलबे में फंसे सभी लोगों को निकालने के लिए राहत कार्य बिना किसी ढिलाई के जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली के सत्य निकेतन में दर्दनाक हादसा, पीजी बिल्डिंग ढहने से 6 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में शुक्रवार दोपहर हुए भीषण इमारत हादसे ने पूरी राजधानी को हिलाकर रख दिया है। पेइंग गेस्ट (पीजी) के रूप में इस्तेमाल हो रही एक बहुमंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की
NRI Post Hindi Desk · 78 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





