|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

दिल्ली के 1723 पीजी भवनों का नहीं मिला मंजूर बिल्डिंग प्लान, हाई कोर्ट ने पूछा- बाकी दो-तिहाई का क्या?

दिल्ली उच्च न्यायालय ने सत्य निकेतन मामले से जुड़ी जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए बड़ी संख्या में पेइंग गेस्ट भवनों के मंजूर बिल्डिंग प्लान न मिलने पर गंभीर सवाल उठाते हुए नाराजगी व्यक्त की। मुख्य न्

NRI Post Hindi Desk · 60 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
दिल्ली के 1723 पीजी भवनों का नहीं मिला मंजूर बिल्डिंग प्लान, हाई कोर्ट ने पूछा- बाकी दो-तिहाई का क्या?
📷 NRI Post Hindi Desk

दिल्ली उच्च न्यायालय ने सत्य निकेतन मामले से जुड़ी जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए बड़ी संख्या में पेइंग गेस्ट भवनों के मंजूर बिल्डिंग प्लान न मिलने पर गंभीर सवाल उठाते हुए नाराजगी व्यक्त की। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की पीठ ने रिकार्ड पर लिया कि कुल 2453 पीजी इमारतों में से 1723 पीजी इमारतों को न तो मंजूर बिल्डिंग प्लान उपलब्ध है और न ही उनकी पुष्टि हो सकी। पीठ ने टिप्पणी की कि कुल 2453 पीजी हैं और इसमें से नगर निगम के पास सिर्फ 730 इमारतों का प्लान है, जोकि एक-तिहाई से भी कम है, और पीठ ने पूछा कि बाकी दो-तिहाई इमारतों का क्या। न्यायालय ने यह भी पूछा कि क्या अधिकारियों ने पीजी आवास के लिए मौजूदा नियामकीय व्यवस्था की कमियों की जांच की है। अदालत ने नगर निगम से पूछा कि जिन इमारतों के प्लान मौजूद नहीं हैं, उनके विरुद्ध कानून के तहत कब कार्रवाई की जाएगी। मामले की अगली सुनवाई 14 अक्टूबर के लिए तय करते हुए पीठ ने दिल्ली सरकार और नगर निगम को दिल्ली में पीजी आवास को नियंत्रित करने वाली कानूनी व्यवस्था के बारे में भी स्पष्ट जानकारी पेश करने को कहा, साथ ही कहा कि अगर इस बीच उच्चस्तरीय समिति की बैठक होती है तो उसके कार्यवृत्त अदालत के समक्ष पेश किए जाएं। सुनवाई के दौरान दिल्ली सरकार और नगर निगम की तरफ से पेश हुए महाधिवक्ता तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि मामले में नगर निगम के पांच अधिकारियों को निलंबित किया गया है और संबंधित इमारत की मंजूरी या अनुमति की स्थिति, लागू बिल्डिंग उपनियमों का पालन तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका का पता लगाने के लिए दिल्ली सरकार ने मजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिए हैं। याचिकाकर्ता विधि छात्र अनिकेत कुमार गुप्ता ने याचिका दायर कर प्रभावित हुए छात्रों के स्वजन को मुआवजा देने के साथ ही एक स्वतंत्र न्यायिक जांच और पीजी-हॉस्टल के व्यापक ढांचागत सुरक्षा आडिट कराने की भी मांग की गई है। महाधिवक्ता ने अदालत को बताया कि नगर निगम ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी 12 जोन में पीजी आवास का सर्वे पूरा कर लिया है और सर्वे के अनुसार 2453 पीजी इमारतों में करीब 32247 कमरे हैं तथा इनमें लगभग 50529 लोग रह रहे हैं। सत्य निकेतन मामले में दिल्ली विश्वविद्यालय के हलफनामे पर अदालत नाराजगी जताते हुए कहा कि जवाब बिल्कुल अस्पष्ट है, एक तरफ विश्वविद्यालय आंकड़ा दे रहा है और दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि कदम उठा रहे हैं, और अदालत ने पूछा कि उठाए गए कदमों की जानकारी हलफनामे में कहां है। सत्य निकेतन में इमारत गिरने के मामले में अदालत की मदद करने के लिए पक्षकार बनाने की मांग संबंधी पूर्व पुलिस महानिदेशक और पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी की अर्जी को अदालत ने स्वीकार कर लिया है। सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता तुषार मेहता ने कहा कि उन्हें किरण बेदी के अदालत की मदद करने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इस संबंध में कोई आदेश न दिया जाए, और अदालत ने तर्क सुनने के बाद कहा कि वह किरण बेदी को अदालत में अपनी बात रखने की अनुमति देती है। पीठ ने कहा कि हम पक्षों को यह भी निर्देश देते हैं कि इस मामले में कोई भी दस्तावेज या दलीलें दायर करते समय उनकी एक प्रति किरण बेदी को भी दी जाए, और उक्त निर्देश के साथ अदालत ने किरण बेदी की अर्जी का निस्तारण कर दिया।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!