रोहतास जिले से दहेज हत्या के एक ऐसे मामले का खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस की जांच व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बालरती बिगहा निवासी दिलीप महतो के पुत्र अरुण कुमार की शादी वर्ष 2003 में औरंगाबाद के पिरौटा निवासी हजारी वर्मा की पुत्री शकुंतला देवी उर्फ कांति देवी से हुई थी। वर्ष 2014 में शकुंतला अचानक ससुराल से गायब हो गई, जिसके बाद 20 अगस्त 2014 को उसके मायके वालों ने डेहरी नगर थाने में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने एक अज्ञात शव के मामले को शकुंतला से जोड़ दिया और उसकी पहचान तथा शव का ठोस सत्यापन किए बिना ही उसे मृत मान लिया। इस कार्रवाई के बाद पति अरुण कुमार, ससुर दिलीप महतो, सास भगवानों देवी समेत परिवार के आठ सदस्यों को जेल जाना पड़ा। इनमें बबीता देवी, देवर भरत महतो, गोतनी सविता देवी, देवर गोबिंद महतो और गोतनी संजू देवी के नाम भी शामिल हैं। परिवार का कहना है कि मामले की कानूनी लड़ाई में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और यहां तक कि जमीन तथा गाड़ियां बेचकर कानूनी खर्च पूरा करना पड़ा। बाद में सासाराम कोर्ट से मामला समाप्त हुआ, लेकिन तब तक परिवार को बड़ा आर्थिक और मानसिक नुकसान हो चुका था। मामले में नया मोड़ तब आया जब ससुर दिलीप महतो को गुप्त सूचना मिली कि उनकी बहू शकुंतला झारखंड के कांडी थाना क्षेत्र के लभारी कला गांव में रह रही है। परिजनों ने वहां पहुंचकर महिला के बारे में जानकारी जुटाई और उसकी पहचान शकुंतला के रूप में होने की पुष्टि की, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। एसपी के निर्देश पर डेहरी मुफस्सिल पुलिस की टीम झारखंड पहुंची और महिला को वहां से सकुशल बरामद किया। इसके बाद महिला को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया और उसका धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया गया तथा बयान दर्ज होने के बाद उसे जेल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। महिला के जिंदा मिलने के बाद पूरे मामले की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं और सबसे बड़ा सवाल यही है कि वर्ष 2014 में जिस शव को शकुंतला का मानकर दहेज हत्या का मामला आगे बढ़ाया गया, उसकी पहचान किस आधार पर की गई थी। परिवार का आरोप है कि यदि उस समय शव की पहचान और अन्य जरूरी तथ्यों का सही तरीके से सत्यापन किया जाता तो आठ लोगों को इतने लंबे समय तक कानूनी और सामाजिक परेशानी नहीं झेलनी पड़ती। मामला सामने आने के बाद पीड़ित परिवार ने तत्कालीन जांच और कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि गलत पहचान और जांच में लापरवाही के कारण उन्हें वर्षों तक परेशानी झेलनी पड़ी। साथ ही परिवार ने झूठा मुकदमा दर्ज कराने के आरोपों की भी जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब इस मामले में पुलिस की जांच रिपोर्ट और महिला के न्यायालय में दिए गए बयान पर सबकी नजर है।
दहेज हत्या में 8 लोगों को जेल कराने वाली 'मृत' महिला 12 साल बाद झारखंड में जिंदा मिली
रोहतास जिले से दहेज हत्या के एक ऐसे मामले का खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस की जांच व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बालरती बिगहा निवासी दिलीप महतो के पुत्र अरुण कुमा
NRI Post Hindi Desk · 73 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





