दिल्ली पुलिस ने शाहदरा बार एसोसिएशन के वकीलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस का आरोप है कि वकीलों ने सरकारी काम में बाधा डालने, धमकी देने और अभद्रता करने जैसे गंभीर आरोपों को अंजाम दिया है। यह कार्रवाई मंगलवार को दिल्ली की सभी जिला अदालतों में वकीलों की पुलिस के खिलाफ काम बंद हड़ताल से ठीक एक दिन पहले सोमवार रात को की गई है। एसीपी शाहदरा मनस्वी वशिष्ट की शिकायत पर शाहदरा थाना पुलिस ने शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास, सदस्य विशाल शर्मा व विवेक पांडेय समेत कई वकीलों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी को धमकी देने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और अभद्रता करने की धाराओं में केस दर्ज किया है। वकीलों के खिलाफ इस साल की यह सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। एसीपी मनस्वी वशिष्ट ने अपनी शिकायत में कहा कि शाहदरा थाने के हेड कांस्टेबल अमित मलिक एक मामले में 24 अक्टूबर को कड़कड़डूमा कोर्ट गए थे, जहां उन्हें सूचना मिली कि कुछ वकीलों ने हेड कांस्टेबल को घेर लिया और 23 अक्टूबर को थाने में दर्ज एक मामले में बहस करने लगे। पुलिस कर्मी किसी तरह से थाने आया, जिसके कुछ देर बाद शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास 10 से 15 वकीलों के साथ शाहदरा थाने पहुंचे। आरोप है कि थानाध्यक्ष के कमरे में घुसकर वकीलों ने थानाध्यक्ष का हाथ खींचने की कोशिश की और उन्हें धमकी दी कि अगर थानाध्यक्ष कोर्ट आए तो उनकी पिटाई की जाएगी। एसीपी का दावा है कि वह खुद मौके पर मौजूद थे और वकीलों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की कोशिश भी की। पूरी वारदात थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दूसरी ओर, शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास ने पुलिस के इस आरोप को पूरी तरह से खारिज करते हुए कहा है कि वकीलों के खिलाफ पुलिस ने झूठा मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वकील डरेंगे नहीं और पुलिस को केस लड़ने के लिए कोर्ट में आना होगा, लेकिन पुलिस को कोर्ट में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पूरी दिल्ली के वकील एकजुट हैं और मंगलवार को दिल्ली के सभी अदालतों में वकीलों की काम बंद हड़ताल रहेगी। डबास ने घटना के पीछे की असली वजह बताते हुए कहा कि गत 23 अक्टूबर को वकील ललित बंसल किसी काम से शाहदरा की मार्केट गए थे, जहां पार्किंग विवाद में दो लोगों ने हमला करके वकील का सिर फाड़ दिया था। पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज किया था और आरोपितों को भी पकड़ा गया था, लेकिन सचिव का आरोप है कि दोनों आरोपितों को मोटी रकम लेकर छोड़ दिया गया। इसके बाद 24 अक्टूबर को शाहदरा बार एसोसिएशन के सदस्य शाहदरा थाने गए थे, जहां सचिव का आरोप है कि शाहदरा एसीपी ने पिस्टल दिखाकर वकीलों को डराया और गालीगलौज की। वहीं एसीपी ने वकीलों के इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। इस पूरे घटनाक्रम ने दिल्ली की अदालतों में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है और वकीलों की हड़ताल से पहले पुलिस की यह कार्रवाई मामले को और गर्मा सकती है।
दिल्ली में वकीलों की हड़ताल से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव समेत कई वकीलों पर मुकदमा दर्ज
दिल्ली पुलिस ने शाहदरा बार एसोसिएशन के वकीलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस का आरोप है कि वकीलों ने सरकारी काम में बाधा डालने, धमकी देने और अभद्रता करने जैसे गंभीर आरोपों को अंज
NRI Post Hindi Desk · 29 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


