नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में नकली पनीर के बाद अब देसी घी की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में देसी घी के 59 नमूनों में से 19 मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए, जबकि चार नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। यानी कुल 23 नमूनों में खामियां मिलीं। दूसरी ओर, क्विक कॉमर्स कंपनियों के डार्क स्टोर्स और खाद्य भंडारण केंद्रों के निरीक्षण में एक्सपायरी उत्पाद, कीट और गंदगी जैसी गंभीर कमियां सामने आईं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में सामने आए इन निष्कर्षों पर मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। विभाग के अनुसार जिन कारोबारियों के घी असुरक्षित पाए गए हैं, उनके लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान बंद करने के आदेश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नाहरपुर, पोसंगीपुर, लक्ष्मी नगर, प्रीत विहार, रामपुरा, टैगोर गार्डन, कल्याणपुरी, कृष्णा विहार और कोंडली समेत विभिन्न बाजारों से देसी घी के नमूने लिए थे। जांच में हरियाणा लाइट, हरियाणा सुप्रीम, हरियाणा डेयरी, करतार, प्रभास, मधु संगम, राधा कृष्णा, अक्षरा, आनंद गोल्ड, श्री नंदन और श्री कृष्णा समेत कई ब्रांड के नमूने असुरक्षित पाए गए, वहीं नोवा, गोवर्धन प्योर गाय का घी और प्रताप देसी घी के नमूने मानक अनुसार नहीं मिले। उत्तम नगर स्थित स्विगी इंस्टामार्ट में एक्सपायरी फ्रोजन मटर, ग्रीक योगर्ट, ब्राउनी और गाय के घी के उत्पाद मिले। वजीरपुर स्थित रिलायंस रिटेल के परिसर में मक्खियां, मच्छर, छिपकली और मकड़ी के जाले पाए गए। घेवरा स्थित जोमैटो हाइपरप्योर में भी एक्सपायरी उत्पाद मिले। खुरेजी स्थित जेप्टो के परिसर में कोल्ड स्टोरेज का तापमान बनाए रखने में कमी, काकरोच, गंदे और जंग लगे रैक तथा फर्श पर रखे खाद्य पदार्थ मिले। ब्लिंकिट के आसफ अली रोड और दरियागंज स्थित परिसरों में गंदे क्रेट और धूल मिली, जबकि रोहिणी स्टोर में खाद्य पदार्थों को संदूषण से बचाने के लिए अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं थी। विभाग ने नमूने लेने के साथ संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के नोटिस जारी किए हैं।
दिल्ली में स्विगी-जोमैटो के डार्क स्टोर्स पर गंदगी, एक्सपायरी सामान; 59 देसी घी सैंपल में 19 फेल
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में नकली पनीर के बाद अब देसी घी की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में देसी घी के 59 नमूनों में से 19 मानव उपभोग के लिए असुरक्षित
NRI Post Hindi Desk · 38 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




