बेहतर नौकरी और अच्छी कमाई का सपना लेकर दुबई गई महाराष्ट्र की एक महिला के साथ धोखाधड़ी और शोषण का मामला सामने आया है। महिला को होटल में नौकरी और 1.25 लाख रुपये महीने वेतन देने का वादा किया गया था, लेकिन दुबई पहुंचने के बाद उसे कथित तौर पर वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर उसका पासपोर्ट छीन लिया गया और रिहाई के बदले 5 लाख रुपये मांगे गए। एक न्यूज एजेंसी के अनुसार, केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल के हस्तक्षेप और विदेश मंत्रालय की मदद से महिला को सुरक्षित भारत वापस लाया गया है और वह मुंबई पहुंच चुकी है। गुरुवार को मुरलीधर मोहोल के कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, महिला के पति ने पुणे के जंगली महाराज रोड स्थित उनके कार्यालय पहुंचकर मदद मांगी थी। उसने बताया कि उसकी पत्नी को दुबई में बंधक बनाकर रखा गया है और उसका पासपोर्ट भी छीन लिया गया है। महिला का पति दिव्यांग है और परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण महिला नौकरी की तलाश में दुबई गई थी। इसी दौरान वॉट्सएप के जरिए एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया और होटल में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया तथा हर महीने 1.25 लाख रुपये वेतन देने का वादा किया। बयान के मुताबिक, दुबई पहुंचने के बाद महिला को कथित तौर पर वेश्यावृत्ति करने के लिए मजबूर किया गया। जब उसने ऐसा करने से इनकार किया, तो उसे कैद कर लिया गया। आरोप है कि उसे छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये मांगे गए और उसका पासपोर्ट भी अपने कब्जे में रख लिया गया। महिला के पति से शिकायत मिलने के बाद मोहोल के कार्यालय ने सीधे उससे संपर्क किया और उसे सुरक्षित वापस लाने के प्रयास शुरू किए। मुरलीधर मोहोल ने मामले में विदेश मंत्रालय से संपर्क किया और दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास की मदद से महिला का पता लगाने तथा उसके साथ लगातार संपर्क बनाए रखने की कोशिश की गई। मोहोल ने संयुक्त अरब अमीरात में महाराष्ट्र सरकार के प्रतिनिधि और आईपीएफ महाहेल्पलाइन के प्रमुख राहुल तुलपुले से भी संपर्क किया। लगातार प्रयासों के बाद महिला का पासपोर्ट वापस मिल गया और इसके बाद वह कैद से बाहर निकलने में सफल रही। महाहेल्पलाइन के सदस्यों ने महिला को सुरक्षित भारतीय वाणिज्य दूतावास तक पहुंचाया और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मोहोल के कार्यालय ने उसके लिए भारत आने का हवाई टिकट बुक कराया, जिसके बाद महिला सुरक्षित मुंबई लौट आई। मुरलीधर मोहोल ने इस मामले में पुणे पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर विस्तृत जांच की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि इसके पीछे एजेंटों का बड़ा नेटवर्क हो सकता है, जो महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर विदेश ले जाता है और फिर उनका शोषण करता है। उन्होंने पुलिस से संबंधित सरकारी एजेंसियों की मदद लेकर पूरे मामले की गहन जांच करने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और लोगों को ऐसे फर्जी नौकरी प्रस्तावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया है।
दुबई में बंधक बनी महाराष्ट्र की महिला का विदेश मंत्रालय की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू, पासपोर्ट छीनकर देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया
बेहतर नौकरी और अच्छी कमाई का सपना लेकर दुबई गई महाराष्ट्र की एक महिला के साथ धोखाधड़ी और शोषण का मामला सामने आया है। महिला को होटल में नौकरी और 1.25 लाख रुपये महीने वेतन देने का वादा किया गया था, लेकि
NRI Post Hindi Desk · 5 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

