मध्यप्रदेश के शहडोल संसदीय क्षेत्र से दो बार की भारतीय जनता पार्टी की सांसद हिमाद्री सिंह का अपने पति नरेंद्र सिंह मरावी से तलाक हो गया है। अदालत ने तलाक के आवेदन पर निर्णय देते हुए डिक्री पारित कर दी है, जिसके बाद दोनों का वैवाहिक रिश्ता कानूनी रूप से समाप्त हो गया है। दोनों की शादी 23 नवंबर 2017 को अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ में हुई थी, और पिछले कई वर्षों से ये दोनों अलग-अलग रह रहे थे। इस दंपति की एक बेटी गिरिशा कुमारी सिंह है, जो हिमाद्री सिंह के साथ ही रहती है और आगे भी उन्हीं के साथ रहेगी। हिमाद्री सिंह मध्यप्रदेश के एक प्रमुख आदिवासी राजनीतिक परिवार से आती हैं। उनके पिता दलवीर सिंह कांग्रेस के कद्दावर आदिवासी नेता रहे और राजीव गांधी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी थे। उनकी मां राजेश नंदिनी सिंह कोतमा से विधायक और शहडोल से सांसद रह चुकी थीं। हिमाद्री के माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है। हिमाद्री सिंह ने 2016 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था, और इसके बाद 2019 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा के टिकट पर उन्होंने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में शहडोल सीट से जीत दर्ज की। उनकी शिक्षा दिल्ली में हुई है और उन्हें देश के प्रमुख युवा आदिवासी नेताओं में गिना जाता है। हाल ही में उन्होंने उज्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित दुनिया भर के युवा सांसदों के सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया था। हिमाद्री सिंह के पति नरेंद्र सिंह मरावी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भाजपा की राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उन्होंने 2009 के लोकसभा चुनाव में हिमाद्री की मां राजेश नंदिनी सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। नरेंद्र मरावी बाद में राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष भी रहे। राजनीतिक तौर पर नरेंद्र की भूमिका हिमाद्री को कांग्रेस से भाजपा में लाने में भी अहम मानी जाती रही है। लोकसभा चुनाव में हार के बाद नरेंद्र मरावी ने 2018 के विधानसभा चुनाव में हिमाद्री के गृह क्षेत्र पुष्पराजगढ़ से चुनाव लड़ा था, लेकिन इस चुनाव में भी उन्हें हार मिली। समय के साथ जहां हिमाद्री सिंह का राजनीतिक कद बढ़ता गया, वहीं भाजपा की राजनीति में नरेंद्र मरावी का प्रभाव पहले की तुलना में कम होता गया। हिमाद्री और नरेंद्र पिछले कई वर्षों से अलग रह रहे थे। जब दोनों के बीच अलगाव की खबरें सामने आईं, तब राजनीतिक हलकों में इसे लेकर अलग-अलग चर्चाएं होती रहीं। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी नरेंद्र सिंह मरावी अपने लिए भाजपा से टिकट की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, दोनों के निजी रिश्ते में अलगाव की वास्तविक वजह को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इस मामले में राजनीतिक मतभेद की चर्चाएं भी होती रही हैं, लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब कोर्ट की ओर से तलाक की डिक्री पारित किए जाने के बाद दोनों का वैवाहिक रिश्ता कानूनी रूप से समाप्त हो गया है।
दो बार की भाजपा सांसद हिमाद्री सिंह का पति से तलाक, कोर्ट ने पारित की डिक्री
मध्यप्रदेश के शहडोल संसदीय क्षेत्र से दो बार की भारतीय जनता पार्टी की सांसद हिमाद्री सिंह का अपने पति नरेंद्र सिंह मरावी से तलाक हो गया है। अदालत ने तलाक के आवेदन पर निर्णय देते हुए डिक्री पारित कर दी
NRI Post Hindi Desk · 71 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




