नोएडा के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे रूसी सेना के तीन सैन्य विमानों ने पहली बार लैंडिंग की। यह नए एयरपोर्ट के रनवे पर किसी भी विदेशी विमान की पहली लैंडिंग है, जिसे ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है। इन विमानों में रूसी सेना की एडवांस टीम और वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भारत पहुंचे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस लैंडिंग को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आगामी भारत दौरे और नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। एयरपोर्ट प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियां इन विमानों की कड़ी निगरानी कर रही हैं। बुधवार को भी तीनों विमान रनवे पर पूरे दिन खड़े रहे, जिससे संकेत मिलता है कि रसद और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रूसी टीमें पूरी सतर्कता बरत रही हैं। गौरतलब है कि अब तक विदेशी सैन्य विमानों की लैंडिंग ज्यादातर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर होती थी, लेकिन पहली बार नोएडा एयरपोर्ट को इसके लिए चुना गया है। एयरपोर्ट के सुरक्षा अधिकारियों और रूसी टीमों द्वारा विमानों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। यह लैंडिंग अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल और उच्च स्तरीय यात्रा की तैयारियों का हिस्सा मानी जा रही है। बता दें कि 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा, जिसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, पहले दिन सदस्य देशों के नेताओं की बंद कमरे में बैठक होगी, जिसका विषय ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करना’ रखा गया है। इसके अलावा नेताओं के लिए ‘भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी’ और संयुक्त पौधरोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। शाम को प्रधानमंत्री की ओर से गाला डिनर का आयोजन होगा। दूसरे दिन साझेदार देशों और आमंत्रित देशों के नेता भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और खुले सत्र में वैश्विक शासन, नवाचार, स्थिरता और समावेशी विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। रूसी सैन्य विमानों की इस लैंडिंग को शिखर सम्मेलन से पहले बढ़ती कूटनीतिक गतिविधियों का संकेत माना जा रहा है।
नोएडा एयरपोर्ट पर पहली बार उतरे रूसी सेना के तीन सैन्य विमान, पुतिन दौरे की तैयारियां तेज
नोएडा के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे रूसी सेना के तीन सैन्य विमानों ने पहली बार लैंडिंग की। यह नए एयरपोर्ट के रनवे पर किसी भी विदेशी विमान की पहली लैंडिंग है,
NRI Post Hindi Desk · 76 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





