दिल्ली के कुख्यात जीबी रोड इलाके में महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार के जाल में फंसाने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। कमला मार्केट थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार करते हुए कोठा नंबर 58 से दो पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, प्राप्त सूचना के आधार पर महिला पुलिस पोस्ट की प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को बंधक बनाकर शोषण की स्थिति से मुक्त कराया। पहली पीड़िता पश्चिम बंगाल की 26 वर्षीय महिला है, जो दो मई से लापता थी और उसने अपनी मां से संपर्क कर जीबी रोड पर होने की सूचना दी थी। उसने बताया कि रेलवे स्टेशन पर कालू नाम के युवक ने उसे नौकरी दिलाने का वादा कर दिल्ली बुलाया और फिर उसे गीता के हवाले कर दिया। गीता ने उसे करीब एक महीने तक अपने घर रखने के बाद कोठे में डाल दिया और कमाई जब्त कर ली। दूसरी पीड़िता 28 वर्षीय महिला पति और सास से विवाद के बाद अपने आठ साल के बेटे के साथ घर से निकली थी, जिसे एक महिला ने मदद का झांसा देकर दिल्ली लाकर देह व्यापार में धकेल दिया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसे बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई और बाद में बच्चे को हॉस्टल भेज दिया गया। पुलिस ने गीता, मंजू और पारो खातून को गिरफ्तार किया है, जो पहले भी मानव तस्करी के मामले में जेल जा चुकी हैं। मौके से पुलिस ने 55 हजार रुपये नकद, टोकन और रजिस्टर सहित कई सामान बरामद किए हैं। दोनों पीड़ित महिलाओं का अस्पताल में मेडिकल कराया गया और काउंसलिंग के बाद उनके बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक देह व्यापार (रोकथाम) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, साथ ही पूरे नेटवर्क की कड़ी का पता लगाने की जांच जारी है। लापता बच्चे की सुरक्षित बरामदगी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी पहले एक अन्य मामले में जमानत पर बाहर थीं और अब इनकी गिरफ्तारी से इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के कई राज खुलने की उम्मीद है।
नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार में धकेलने वाला गिरोह का पर्दाफाश, दिल्ली पुलिस ने दो महिलाओं को कराया रेस्क्यू, तीन तस्कर गिरफ्तार
दिल्ली के कुख्यात जीबी रोड इलाके में महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार के जाल में फंसाने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। कमला मार्केट थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपी महिलाओं को गि
NRI Post Hindi Desk · 85 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


