|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

नगांव उपचुनाव: कांग्रेस ने पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा को बनाया उम्मीदवार, भाजपा से पूर्व आईएएस देबाशीष शर्मा की टक्कर

कांग्रेस ने असम की नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने सोमवार को उनके नाम का ऐलान किया। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल क

NRI Post Hindi Desk · 71 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
नगांव उपचुनाव: कांग्रेस ने पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा को बनाया उम्मीदवार, भाजपा से पूर्व आईएएस देबाशीष शर्मा की टक्कर
📷 NRI Post Hindi Desk

कांग्रेस ने असम की नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने सोमवार को उनके नाम का ऐलान किया। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नगांव संसदीय क्षेत्र से आगामी लोकसभा उपचुनाव लड़ने के लिए पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है। सिबामोनी बोरा इससे पहले नगांव जिले की बटद्रवा विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं और उन्होंने 2021 से 2026 तक इस विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव की जरूरत कांग्रेस के तत्कालीन सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद पड़ी। बोरदोलोई ने असम विधानसभा चुनाव से पहले मार्च में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था और इसके साथ ही उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। बाद में प्रद्युत बोरदोलोई ने भाजपा के टिकट पर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर विधायक बने। अब कांग्रेस ने नगांव में अपनी पुरानी पकड़ बरकरार रखने के लिए पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा पर दांव लगाया है। उपचुनाव के लिए मतदान 6 अक्टूबर को होगा, जबकि नतीजे 9 अक्टूबर को सामने आएंगे। इस सीट पर भाजपा ने पूर्व आईएएस अधिकारी देबाशीष शर्मा को मैदान में उतारा है। खास बात ये है कि शर्मा ने 3 सितंबर को ही जिला कमिश्नर के पद से अपनी मर्जी से सेवानिवृत्ति ली और 8 सितंबर को वे भाजपा में शामिल हुए, जिसके बाद शुक्रवार को उन्हें उपचुनाव का टिकट मिल गया। अगर शर्मा की शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने अंग्रेजी साहित्य में स्नातक किया है और इसके बाद जनसंपर्क में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। देबाशीष साल 1992 में असम सिविल सेवा में शामिल हुए और उनकी पहली पोस्टिंग बारपेटा में हुई। अपने प्रशासनिक सफर में उन्होंने बहुत अहम जिम्मेदारियां संभालीं। वे असम के तत्कालीन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल एस.के. सिन्हा के विशेष अधिकारी और मुंबई में असम भवन के उप आवासीय आयुक्त भी रहे हैं। इसके अलावा, देबाशीष ने गुवाहाटी नगर निगम के कमिश्नर और मोरीगांव के जिला कमिश्नर के पद पर भी काम किया है, और नगांव में जिला कमिश्नर रहते हुए उन्होंने स्वैच्छिक रिटायरमेंट लिया। प्रशासनिक सेवाओं के अलावा देबाशीष एक कैंसर देखभाल संस्था दीपशिखा के संस्थापक चेयरमैन और ट्रस्टी भी हैं। करीब तीन दशक के प्रशासनिक अनुभव के साथ अब देबाशीष अपना सियासी सफर शुरू करने जा रहे हैं। जिस नगांव सीट पर देबाशीष को टिकट मिला है, वहां 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से प्रद्युत बोरदोलोई ने जीत हासिल की थी, लेकिन बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए और विधानसभा चुनाव में दिसपुर से जीत हासिल की, जिसके कारण नगांव सीट पर अब उपचुनाव होना है। इस सीट पर 6 अक्टूबर को चुनाव होना है और 9 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। कांग्रेस ने अपनी पुरानी सीट को बचाने के लिए अनुभवी चेहरे पर भरोसा जताया है, जबकि भाजपा ने प्रशासनिक अनुभव रखने वाले नए चेहरे को मैदान में उतारकर सियासी समीकरण बदलने की कोशिश की है। अब देखना यह होगा कि नगांव के मतदाता किसे अपना प्रतिनिधि चुनते हैं।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!