भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को दिल्ली अंडर-19 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। दिल्ली एंड जिला क्रिकेट संघ ने उन्हें वीनू मांकड ट्रॉफी के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। यह पहली बार है जब आर्यवीर को टीम की अगुवाई करने की भूमिका दी गई है। डीडीसीए ने इसके लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट की शुरुआत 8 अक्टूबर से होगी, जो विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। आर्यवीर हाल ही में भारत अंडर-19 टीम के लिए खेलते हुए दिखे थे और अब दिल्ली की कप्तानी करते नजर आएंगे। राजकोट में हाल ही में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 और भारत अंडर-19 के बीच तीन युवा वनडे मैच खेले गए थे। इस दौरान 18 वर्षीय खिलाड़ी को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन वे इसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। सहवाग ने पहले मुकाबले में 26 गेंदों पर 28 रन बनाए, जो उनका अंडर-19 टीम के लिए पदार्पण मैच था। इसके बाद दूसरे मुकाबले में उन्होंने संयम के साथ बैटिंग की और 47 रन बनाए। वे मैच में अच्छी लय में लग रहे थे लेकिन फिर रन आउट हो गए। तीसरे मैच में भी उन्हें शुरुआत मिली और 34 रन पर आउट हुए। आर्यवीर ने कुल 109 रन बनाए थे। आर्यवीर ने पिछले कुछ समय से अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। हालांकि, डीडीसीए ने उनके ऊपर भरोसा जताते हुए अब कप्तानी की जिम्मेदारी दी है। ऐसे में वे बेहतर प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचना चाहेंगे। अब उनके ऊपर कप्तानी और बेहतर बैटिंग करने का भी दबाव होगा। आर्यवीर को कप्तान बनाए जाने के बाद उनकी तुलना उनके पिता वीरेंद्र सहवाग से की जा रही है, जिन्हें क्रिकेट जगत में नजफगढ़ के नवाब के नाम से जाना जाता है। वीरेंद्र सहवाग भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे आक्रामक सलामी बल्लेबाजों में से एक रहे हैं और अब उनका बेटा भी अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश में जुटा है। दिल्ली अंडर-19 टीम की घोषणा कर दी गई है, जिसमें आर्यवीर सहवाग कप्तान की भूमिका निभाएंगे। टीम में तन्मय चौधरी, अर्नव बुग्गा को उपकप्तान बनाया गया है। इसके अलावा धन्या नाकरा, उदय चावला, गर्व कुमार, अभिराज गगन सिंह और तरुण सिंह को विकेटकीपर की जिम्मेदारी दी गई है। टीम में आर्यन शर्मा, ओजसदीप सिंह, किरीट कौशिक, वरुण वंजानी, रुद्र देव यादव, प्रद्युम्न सनन, पार्थ राज और शांतनु यादव को भी जगह मिली है। अब देखना यह होगा कि आर्यवीर अपनी कप्तानी में दिल्ली अंडर-19 टीम को कितनी अच्छी सफलता दिला पाते हैं। वीनू मांकड ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन यह तय करेगा कि आगे उन्हें किस स्तर पर मौके मिलते हैं।
नजफगढ़ के नवाब की राह पर आर्यवीर, दिल्ली अंडर-19 टीम का कप्तान नियुक्त
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को दिल्ली अंडर-19 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। दिल्ली एंड जिला क्रिकेट संघ ने उन्हें वीनू मांकड ट्रॉफी के लिए कप्तानी की जिम्मेद
NRI Post Hindi Desk · 51 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



