नीट पेपर लीक मामले में आरोप पत्र दाखिल होने के बाद भी जांच एजेंसी सीबीआई द्वारा कुछ अहम दस्तावेजों को साझा नहीं किए जाने को लेकर आरोपितों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है। राउज एवेन्यू स्थित फास्ट ट्रैक कोर्ट में बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान आरोपितों की ओर से यह मांग उठाई गई कि जांच के दौरान सीबीआई ने जो दस्तावेज जुटाए हैं, उनकी प्रतियां और सूची उपलब्ध कराई जाए। आरोपितों का कहना है कि कई ऐसे दस्तावेज हैं जिन्हें जांच में इस्तेमाल तो किया गया, लेकिन उनकी प्रतियां उन्हें नहीं दी गईं, जिससे उनका पक्ष रखने में दिक्कत हो रही है। इस मामले में आरोपित पीवी कुलकर्णी की ओर से विशेष आवेदन देकर सीबीआई से वे दस्तावेज मांगे गए हैं जो जांच में शामिल हैं, लेकिन अब तक उपलब्ध नहीं कराए गए। अदालत ने इस मामले में सीबीआई के अधिवक्ता को जवाब देने के लिए समय दिया है और अगली सुनवाई गुरुवार को निर्धारित की गई है। सीबीआई की ओर से पेश अधिवक्ता ने बचाव पक्ष द्वारा दिए गए कुछ अदालती फैसलों का अवलोकन करने के बाद अपनी दलीलें रखने की बात कही है। सुनवाई के दौरान मामले के सभी 13 आरोपित अदालत में पेश हुए, जिनमें से 10 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया, जबकि मंगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल और विकास बिवाल सीधे अदालत के समक्ष उपस्थित हुए। इसी मामले में दिनेश बिवाल और विकास बिवाल की जमानत अर्जी पर भी सुनवाई होनी थी, लेकिन उनकी ओर से पेश अधिवक्ता एपी सिंह ने अदालत को बताया कि जांच अभी जारी है, इसलिए दोनों की ओर से जमानत अर्जी वापस ली जा रही है। अधिवक्ता ने अनुरोध किया कि जांच पूरी होने और पूरक आरोपपत्र दाखिल होने के बाद उन्हें नई जमानत अर्जी दाखिल करने की अनुमति दी जाए। अदालत ने दोनों आरोपितों की जमानत अर्जी वापस लेने की अनुमति दे दी है। साथ ही सभी अर्जियों पर एक साथ फैसला करने की बात अदालत ने कही है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों से संबंधित सभी याचिकाओं पर एक साथ विचार किया जाएगा ताकि मामले में स्पष्टता आ सके और सुनवाई में तेजी लाई जा सके। इस बीच सीबीआई के अधिवक्ता ने बचाव पक्ष की दलीलों पर जवाब देने के लिए समय मांगा है, जिसे देखते हुए अदालत ने अगली सुनवाई गुरुवार को तय की है। इस पूरे मामले में आरोपितों की ओर से यह भी मांग की गई है कि जिन दस्तावेजों के आधार पर आरोपपत्र में कोई दावा नहीं किया गया है, उनकी सूची और प्रतियां भी दी जाएं ताकि वे अपनी सफाई पेश कर सकें।
नीट पेपर लीक मामले में आरोपितों का सीबीआई पर दस्तावेज न देने का आरोप, कोर्ट ने गुरुवार तय की सुनवाई
नीट पेपर लीक मामले में आरोप पत्र दाखिल होने के बाद भी जांच एजेंसी सीबीआई द्वारा कुछ अहम दस्तावेजों को साझा नहीं किए जाने को लेकर आरोपितों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है। राउज एवेन्यू स्थित फास्ट ट्रैक
NRI Post Hindi Desk · 97 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


