नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ ने जबरदस्त तबाही मचाई है। इस जलप्रलय में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। बागमती प्रदेश पुलिस के अनुसार, रसुवा, नुवाकोट, धादिंग और चितवन जिलों में इन मौतों की पुष्टि की गई है। बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 65 लोगों को जीवित बचाया गया है, जिनमें रसुवा से 43, नुवाकोट से 19 और धादिंग से 3 लोग शामिल हैं। नेपाल में बाढ़ के बाद लापता लोगों का आंकड़ा बढ़कर 463 तक पहुंच गया है, जिसमें 133 भारतीय, 52 विदेशी और 13 नेपाली नागरिक शामिल हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है, जबकि लापता लोगों की तलाश की जा रही है। भारत सरकार ने नेपाल को हरसंभव मानवीय सहायता देने का भरोसा दिलाया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से फोन पर बात कर बाढ़ से हुई जनहानि पर दुख जताया है। नेपाल में राहत अभियान के लिए भारतीय वायुसेना के सी-17 और सी-130 विमान हिंडन और पालम एयरबेस पर स्टैंडबाय रखे गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, राहत सामग्री लेकर सी-130जे विमान के आज देर रात उड़ान भरने की संभावना है, जबकि सी-17 विमान कल रवाना हो सकता है। जरूरत पड़ने पर राहत सामग्री, मेडिकल टीम, दवाएं और मलबा हटाने वाले उपकरण नेपाल भेजे जाएंगे। वहीं, भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल ने अपनी इकाइयों को अलर्ट कर दिया है और 11 रेस्क्यू टीमों को तुरंत राहत-बचाव के लिए तैयार रखा गया है, जबकि 7 अतिरिक्त टीमें स्टैंडबाय पर हैं। कोसी और नारायणी नदी बेसिन में पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ाई गई है, साथ ही उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में घाघरा-करनाली और महाकाली नदी तंत्र से जुड़े संवेदनशील इलाकों पर भी नजर रखी जा रही है। नेपाल से आने वाली नदियों का पानी बढ़ने की आशंका के मद्देनजर भारत के बिहार और उत्तर प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बैराज से 86 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया है और बैराज के सभी 36 गेट खोल दिए गए हैं। तकनीकी टीम ने मोर्चा संभाल लिया है और गंडक नदी बेसिन के सभी जिलों को चेतावनी जारी की गई है। देवघाट गेज पर जलस्तर 4.77 मीटर दर्ज है, जबकि खतरे का निशान 9 मीटर है। पानी बढ़ने पर देवघाट से गंडक बराज तक पहुंचने में करीब साढ़े तीन घंटे लगने का अनुमान है। बिहार आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने कहा है कि संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए पूरी आपदा प्रबंधन टीम हाई अलर्ट पर है और बाढ़ की आशंका वाले जिलों को अलर्ट जारी किया गया है। एहतियात के तौर पर बिहार के पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर और उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। बेतिया, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर में एनडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी भेजी गई हैं, जबकि बाढ़ प्रभावित इलाकों में एसडीआरएफ की टीमें पहले से तैनात हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
नेपाल में जलप्रलय से 22 मौतें, चार जिलों में तबाही, 133 भारतीय सहित 463 लापता, भारत ने भेजी राहत टीमें
नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ ने जबरदस्त तबाही मचाई है। इस जलप्रलय में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। बागमती प्रदेश पुलिस
NRI Post Hindi Desk · 90 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





