नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के मद्देनजर भारत और चीन ने साझा नदियों के प्रबंधन और जल प्रवाह से जुड़ी जानकारी साझा करने पर सहमति जताई है। दोनों देशों के बीच सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधियों की 25वीं दौर की बैठक 25 अगस्त, 2026 को बीजिंग में हुई, जिसमें यह अहम फैसले लिए गए। चीन की ओर से विशेष प्रतिनिधि वांग यी तथा भारत की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने बैठक की सह-अध्यक्षता की। बैठक में तय हुआ कि साझा नदियों के प्रबंधन और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए गठित विशेषज्ञ-स्तरीय तंत्र की बैठक सितंबर, 2026 में होगी। दोनों पक्ष जल प्रवाह से जुड़े डेटा साझा करने और संबंधित समझौतों के नवीकरण पर विमर्श जारी रखेंगे। तिब्बत क्षेत्र में चीन द्वारा कई बड़ी जलबिजली परियोजनाएं लगाने की योजना को लेकर भारत पहले भी अपनी चिंता जता चुका है, ऐसे में अगले महीने होने वाली यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सीमा प्रबंधन सुधारने के लिए जनरल लेवल मैकेनिज्म और वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की बैठक आयोजित करने के लिए दो अन्य स्थानों का चयन किया गया है। दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के बीच सीमा मुद्दों पर विमर्श के लिए पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में सीमा सैन्य हाटलाइन के दो अतिरिक्त चैनल भी शुरू करने की सहमति बनी है। संयुक्त बयान में दोनों पक्षों ने सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने तथा द्विपक्षीय संबंधों के स्वस्थ व स्थिर विकास के लिए अनुकूल माहौल बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग 12-13 सितंबर, 2026 को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आने वाले हैं, जिससे दोनों देशों के बीच सकारात्मक माहौल बनता दिख रहा है। भारत ने तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में माउंट गंग रेनपोछे और मापम युन त्सो झील की तीर्थयात्रा के बैच बढ़ाने के चीन के प्रयासों की सराहना की। दोनों पक्षों ने तीन नामित सीमा व्यापार बिंदुओं को फिर से खोलने की सराहना करते हुए सीमा व्यापार, तीर्थयात्रा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई है।
नेपाल में बाढ़ संकट के बीच भारत-चीन की ऐतिहासिक सहमति, साझा नदियों का डेटा साझा करने पर बनी बात
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के मद्देनजर भारत और चीन ने साझा नदियों के प्रबंधन और जल प्रवाह से जुड़ी जानकारी साझा करने पर सहमति जताई है। दोनों देशों के बीच सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधियों की 25वीं दौर
NRI Post Hindi Desk · 90 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





