नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद अब एक और बड़ी आपदा का संकट मंडरा रहा है। नेपाल-चीन सीमा के पास ग्यिरोंग बॉर्डर पोर्ट के ऊपर ग्लेशियर टूटने से बनी एक झील अचानक ओवरफ्लो होने लगी है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। चीन की सरकारी मीडिया सीसीटीवी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि झील का पानी उसके किनारे से बाहर निकलना शुरू हो गया है और नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। यह वही झील है, जिसके टूटने की आशंका को लेकर पिछले 24 घंटे से चीन और नेपाल दोनों देशों में अलर्ट जारी था। वैज्ञानिकों को डर था कि प्राकृतिक मलबे से बनी यह झील अगर अचानक टूटती है, तो भारी मात्रा में पानी और मलबा नीचे की ओर आकर पहले से तबाह इलाकों में एक और भीषण बाढ़ ला सकता है। झील से पानी निकलने की सूचना के बाद नेपाली सेना ने अपने राहत और बचाव अभियान को अस्थायी तौर पर रोक दिया है। सेना के एक अधिकारी के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन को अगले लगभग 90 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया है ताकि प्रभावित इलाके में बढ़ते जलस्तर पर नजर रखी जा सके। स्थानीय जिला अधिकारी ने भी नदी के बढ़ते जलस्तर की पुष्टि की है और आसपास के लोगों व बचाव दलों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। चीन की ओर से किए गए हवाई सर्वे में पता चला है कि झील में अब 25 लाख क्यूबिक मीटर से अधिक पानी जमा हो चुका है, जो पिछले अनुमान से काफी अधिक है। एक दिन पहले चीनी इंजीनियरों ने इसमें 15 से 20 लाख क्यूबिक मीटर पानी होने का अनुमान लगाया था। चीन ने आशंका जताई है कि अगले तीन दिनों में झील में 30 लाख क्यूबिक मीटर पानी और पहुंच सकता है, जो लगभग 1200 ओलंपिक आकार के स्विमिंग पूल के बराबर है। खतरे को देखते हुए चीन ने अपने बचावकर्मियों और वाहनों को भी प्रभावित क्षेत्र से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है। नेपाल के त्रिशूली इलाके में पुलिस ने नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद लोगों को अलर्ट कर सुरक्षित जगहों पर जाने का आदेश दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में और भी भयंकर बाढ़ आ सकती है, इसलिए किसी भी जोखिम से बचने के लिए पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और आने वाला समय बेहद अहम माना जा रहा है।
नेपाल में 90 मिनट का खतरा! ग्लेशियर झील का पानी किनारे से बाहर, सेना ने रोका रेस्क्यू अभियान
नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद अब एक और बड़ी आपदा का संकट मंडरा रहा है। नेपाल-चीन सीमा के पास ग्यिरोंग बॉर्डर पोर्ट के ऊपर ग्लेशियर टूटने से बनी एक झील अचानक ओवरफ्लो होने लगी है, जिससे प
NRI Post Hindi Desk · 88 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





