राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों ने सत्तारूढ़ दल की चिंता बढ़ा दी है। इस बार स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के प्रस्तावित जाति आधारित नियमों को लेकर अगड़ी जातियों, खासकर राजपूत समाज के एक वर्ग की नाराजगी का असर साफ दिखाई दिया है। नतीजों में कई राजपूत बहुल और बीजेपी के मजबूत माने जाने वाले इलाकों में निर्दलीय उम्मीदवारों के शानदार प्रदर्शन ने पार्टी की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि बीजेपी के लिए राहत की बात यह रही कि नाराज वोटरों का बड़ा हिस्सा कांग्रेस की तरफ नहीं गया, बल्कि कई जगह निर्दलीयों को समर्थन मिला और कहीं नोटा का विकल्प चुना गया, जिससे बीजेपी को नुकसान तो हुआ, लेकिन इसका पूरा फायदा कांग्रेस भी नहीं उठा सकी। झालावाड़ से जोधपुर तक बदले समीकरणों ने पार्टी के भीतर हलचल तेज कर दी है। बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले झालावाड़ में कांग्रेस की जीत ने पार्टी को झटका दिया है, वहीं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के जोधपुर में मुकाबला बराबरी पर अटक गया और बोर्ड बनाने में निर्दलीयों की भूमिका निर्णायक हो गई है। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के विद्याधर नगर क्षेत्र में भी बीजेपी के प्रदर्शन में गिरावट दर्ज की गई। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक यहां बीजेपी के जीते वार्डों का अनुपात करीब 64.3 फीसदी से घटकर 60 फीसदी रह गया, जबकि करीब 20 फीसदी वार्ड निर्दलीयों के खाते में गए। इसी तरह उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के झोटवाड़ा क्षेत्र में बीजेपी का वार्ड शेयर करीब 63 फीसदी से घटकर 53 फीसदी रह गया, जहां करीब 23 फीसदी वार्ड निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीते। जातिगत नियमों के मुद्दे पर राज्यभर में आंदोलन कर रही करणी सेना ने चुनाव परिणामों को बीजेपी के लिए स्पष्ट चेतावनी बताया है। करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना का दावा है कि अगर प्रस्तावित नियम वापस नहीं लिए गए तो बीजेपी को आगे और गंभीर राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। मकराना ने दावा किया कि जयपुर में संगठन ने ऐसे 21 उम्मीदवारों को समर्थन दिया, जिन्होंने जातिगत प्रस्ताव का विरोध करने की बात लिखित रूप में दी थी, और अन्य जगहों पर भी कई निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन किया गया। नतीजों का एक दिलचस्प पहलू यह है कि बीजेपी से नाराज बताए जा रहे वोटरों ने कई क्षेत्रों में कांग्रेस को विकल्प बनाने के बजाय निर्दलीय उम्मीदवारों का रुख किया। राजस्थान में बीजेपी के कई राजपूत नेताओं की तुलना में कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास जातिगत प्रावधानों के विरोध में मुखर रहे हैं। उनके प्रभाव वाले जयपुर के सिविल लाइंस इलाके में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला बराबरी का रहा और दोनों दलों को करीब आधे-आधे वार्ड मिले, जबकि यहां निर्दलीय उम्मीदवार जीत दर्ज नहीं कर सके। वोट प्रतिशत के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2021 में भाजपा को 35.11, कांग्रेस को 40.30 और निर्दलीयों को 24.59 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि 2026 में भाजपा 36.11, कांग्रेस 35.14 और निर्दलीय 27.75 प्रतिशत पर रहे। यानी भाजपा में करीब एक फीसदी की बढ़त हुई, कांग्रेस 5.16 फीसदी पीछे हुई, जबकि निर्दलीय और नोटा की हिस्सेदारी करीब 3.16 फीसदी बढ़ी। इस बीच बीजेपी में डैमेज कंट्रोल भी शुरू हो गया है। भीलवाड़ा में जैनमुनि पुलक सागर जी ने दावा किया है कि उनसे मिलने आए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत से इस मामले पर विरोध जताया गया, तो भागवत ने इसे लागू नहीं होने की बात कही है। बीजेपी को झटका देने का दावा करते हुए करणी सेना ने पंचायत चुनाव से पहले अपने आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है, वहीं दूसरी तरफ जातिगत कानून को लेकर बीजेपी पर फैसला लेने का दबाव बढ़ सकता है। अब सवाल यह है कि स्थानीय निकाय चुनाव में निर्दलीयों की बढ़ी ताकत केवल स्थानीय समीकरणों का नतीजा है या यह बीजेपी के परंपरागत वोट बैंक में उभर रही नाराजगी का शुरुआती संकेत है।
निर्दलीयों ने बिगाड़ा बीजेपी का खेल! जातिगत नियमों पर राजपूत समाज की नाराजगी से बढ़ी टेंशन
राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों ने सत्तारूढ़ दल की चिंता बढ़ा दी है। इस बार स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के प्रस्तावित जाति आधारित नियमों को लेकर अगड़ी जातियों, खासकर राजपूत समा
NRI Post Hindi Desk · 70 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




